हैदराबाद: तेलंगाना सरकार धान की महीन किस्म (फाइन वैरायटी) उगाने वाले किसानों को दिए जा रहे 500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस की तर्ज पर अब गन्ना किसानों को भी प्रोत्साहन राशि देने पर गंभीरता से विचार कर रही है। राज्य सरकार गन्ना उत्पादन बढ़ाने और चीनी उद्योग को मजबूती देने के लिए जल्द ही विशेष प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा कर सकती है।वर्तमान में राज्य की 12 चीनी मिलों में से केवल 7 मिलें ही संचालित हो रही हैं। सभी मिलों को नियमित रूप से चलाने के लिए लगभग 50 लाख मीट्रिक टन गन्ने की आवश्यकता होती है, जबकि तेलंगाना में फिलहाल केवल 20 लाख मीट्रिक टन गन्ने का उत्पादन हो रहा है। इस भारी कमी को देखते हुए सरकार ने किसानों को गन्ना खेती के लिए प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है।
अन्य राज्यों की योजनाओं का अध्ययन करेगी सरकार
अधिकारियों के अनुसार, राज्य कृषि विभाग को निर्देश दिया गया है कि, वह अन्य राज्यों में गन्ना किसानों को दी जा रही सहायता और प्रोत्साहन योजनाओं का अध्ययन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करे। इसके आधार पर तेलंगाना में गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदमों की सिफारिश की जाएगी। राज्य के मुख्य सचिव संजय जाजू ने अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक में बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनर्जीवन और गन्ना खेती के विस्तार से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राज्य में गन्ने का रकबा बढ़ाने, चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने और उनकी उत्पादन क्षमता में वृद्धि के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
धान की तुलना में कम पानी में होती है गन्ने की खेती
बैठक में कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि गन्ना खेती में धान की तुलना में कम पानी की आवश्यकता होती है। साथ ही, ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने से उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ खेती की लागत भी कम की जा सकती है।
2026-27 में 19 हजार किसान कर रहे हैं गन्ना खेती
वर्ष 2026-27 के कृषि सत्र में राज्य के लगभग 19,000 किसान 26,000 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती कर रहे हैं। बैठक में गन्ने का क्षेत्रफल बढ़ाने की संभावनाओं और इससे जुड़ी चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, अन्य राज्यों की प्रोत्साहन नीतियों और योजनाओं का गहन अध्ययन कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि गन्ना क्षेत्र में विस्तार और चीनी उद्योग के लिए कच्चे गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस जैसी योजना पर विचार
बैठक में शामिल किसान प्रतिनिधियों ने गन्ना किसानों के लिए भी धान की महीन किस्म उगाने वाले किसानों को दिए जा रहे 500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस जैसी प्रोत्साहन योजना लागू करने की मांग उठाई। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। किसान प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि खेती की बढ़ती लागत और कृषि श्रमिकों की कमी गन्ना किसानों के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गन्ने से चीनी के साथ-साथ इथेनॉल और बिजली का उत्पादन भी किया जा सकता है, इसलिए इस क्षेत्र को अधिक सरकारी समर्थन दिया जाना चाहिए।


















