सुवा : गन्ना किसानों का कहना है कि, मजदूरी की बढ़ती लागत और खेतों में श्रमिकों की कमी के कारण कई किसान आज भी गन्ना जलाकर कटाई करने के लिए मजबूर हैं, जबकि इससे गन्ने की गुणवत्ता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।लाबासा के वैलेवू क्षेत्र के किसान तिलक प्रकाश ने बताया कि, श्रमिकों की सीमित उपलब्धता के कारण किसानों के पास अक्सर कोई दूसरा विकल्प नहीं बचता। उन्होंने कहा कि मजदूरों को काम पर रखना बेहद महंगा पड़ता है और कई बार श्रम लागत इतनी बढ़ जाती है कि खेती से होने वाला मुनाफा खत्म हो जाता है।उन्होंने कहा, इसी वजह से कुछ किसान जला हुआ गन्ना काटना पसंद करते हैं, हालांकि जले हुए गन्ने की गुणवत्ता अच्छी नहीं होती।
फिजी शुगर कॉरपोरेशन ने जताई चिंता
दूसरी ओर, फिजी शुगर कॉरपोरेशन (FSC) ने गन्ना जलाने की लगातार जारी प्रथा पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। कॉरपोरेशन के अनुसार, इससे चीनी की रिकवरी और मिलों की कार्यक्षमता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। एफएससी की 2025 वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 के पेराई सीजन में भी जला हुआ गन्ना एक बड़ी समस्या बना रहा और पिछले पांच वर्षों में इसमें कोई उल्लेखनीय कमी दर्ज नहीं की गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि जले हुए गन्ने के कारण मिलों को मिलने वाले गन्ने की गुणवत्ता प्रभावित होती है, जिससे चीनी रिकवरी घटती है और प्रसंस्करण प्रक्रिया कम प्रभावी हो जाती है।
लाबासा मिल क्षेत्र में जले हुए गन्ने की हिस्सेदारी 44 प्रतिशत
रिपोर्ट के अनुसार, लाबासा मिल क्षेत्र में वर्ष 2024 के दौरान प्राप्त जले हुए गन्ने की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत से बढ़कर 44 प्रतिशत हो गई। वहीं लौटोका और रारावाई मिल क्षेत्रों में यह स्तर क्रमशः 61 प्रतिशत और 62 प्रतिशत दर्ज किया गया।एफएससी ने बताया कि, जले हुए गन्ने की अधिक मात्रा का सीधा असर मिल संचालन पर पड़ता है और इससे गन्ने की गुणवत्ता तथा चीनी उत्पादन क्षमता दोनों प्रभावित होती हैं। कॉरपोरेशन का मानना है कि गन्ना जलाने की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मास्टर अवार्ड से जुड़े कानूनों में संशोधन आवश्यक है।
वर्ष 2024 के दौरान लाबासा मिल ने 5,75,068 टन गन्ने का प्रसंस्करण कर 57,993 टन चीनी का उत्पादन किया और टीसीटीएस (टन गन्ना से टन चीनी अनुपात) 9.9 दर्ज किया। हालांकि, गन्ने की गुणवत्ता के कुछ संकेतक बेहतर होने के बावजूद जले हुए गन्ने की मात्रा 44.1 प्रतिशत तक पहुंच गई और बाहरी अशुद्धियों की अधिक मात्रा ने प्रसंस्करण दक्षता को प्रभावित किया। एफएससी अब बेहतर खेती पद्धतियों, मशीनीकरण और किसानों को तकनीकी सहायता के माध्यम से गन्ना उत्पादन बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है। साथ ही किसानों से बेहतर कटाई पद्धतियां अपनाने की अपील की गई है, ताकि गन्ने की गुणवत्ता में सुधार हो और दीर्घकालिक उत्पादन लक्ष्य हासिल किए जा सकें।

















