मनीला: लाल धारीदार मुलायम कीट (रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट इन्सेक्ट – RSSI) का प्रकोप देशभर के 39,130 हेक्टेयर गन्ना क्षेत्र में फैल चुका है, जिससे लगभग 22.31 प्रतिशत गन्ना खेती प्रभावित हुई है। इस बढ़ते संकट को देखते हुए सरकारी एजेंसियों और चीनी उद्योग से जुड़े संगठनों ने कीट नियंत्रण अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया है। नेग्रोस द्वीप, सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 37,351 हेक्टेयर गन्ना क्षेत्र में आरएसएसआई का संक्रमण पाया गया है। इससे लगभग 17,560 गन्ना किसान प्रभावित हुए हैं। यह जानकारी शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) ने दी।
2 अगस्त को तालिसाय सिटी में आयोजित मेट्रो थर्ड डिस्ट्रिक्ट शुगर इंडस्ट्री स्टेकहोल्डर्स बैठक में पूर्व नेग्रोस ऑक्सिडेंटल गवर्नर राफेल कॉस्कोलुएला ने कहा कि, कीट के प्रसार को रोकने के लिए समन्वित और वैज्ञानिक रणनीति अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कई किसान अलग-अलग उपचार पद्धतियां अपना रहे हैं, जिससे कीट प्रबंधन बिखरा हुआ है। उन्होंने तीसरे जिले के प्रतिनिधि जेवियर मिगुएल बेनितेज़ द्वारा आयोजित बैठक का स्वागत करते हुए कहा कि फिलीपीन शुगर रिसर्च इंस्टीट्यूट फाउंडेशन (PHILSURIN) के सहयोग से एकीकृत रणनीति विकसित की जा सकती है।
कॉस्कोलुएला ने सुझाव दिया कि, गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों में रासायनिक उपचार और कम प्रभावित क्षेत्रों में जैविक नियंत्रण उपाय अपनाए जाने चाहिए। साथ ही संक्रमण नियंत्रित होने के बाद क्षतिग्रस्त गन्ना फसल के पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। एसआरए के अनुसार, नेग्रोस ऑक्सिडेंटल के तीसरे जिले में 5,844 हेक्टेयर क्षेत्र में आरएसएसआई संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिससे 54 गांवों के 3,268 किसान प्रभावित हुए हैं।बेनितेज़ ने बताया कि, स्थानीय प्रशासन, एसआरए, यूनिवर्सिटी ऑफ द फिलीपींस लॉस बानोस के नेशनल क्रॉप प्रोटेक्शन सेंटर और प्रांतीय जैव सुरक्षा कृषि टास्क फोर्स के साथ मिलकर वैज्ञानिक और सामुदायिक स्तर पर हस्तक्षेप को मजबूत करने के लिए योजना कार्यशाला चल रही है।
उन्होंने अनुमान जताया कि 30 से 40 प्रतिशत गन्ना किसान आरएसएसआई से प्रभावित हो चुके हैं। उनका कहना था कि डेटा आधारित लक्षित रणनीति अपनाने से यह तय करना आसान होगा कि किन क्षेत्रों में तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है।उन्होंने यह भी बताया कि, लुज़ोन क्षेत्र में आरएसएसआई संक्रमण घटकर केवल 512 हेक्टेयर रह गया है, जबकि नेग्रोस द्वीप क्षेत्र में 34,866.61 हेक्टेयर और पश्चिमी विसायस में 1,523 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित है। उनके अनुसार, लुज़ोन का अनुभव दर्शाता है कि सामूहिक और त्वरित कार्रवाई से नेग्रोस में भी आरएसएसआई पर नियंत्रण संभव है।
ई.बी. मागालोना क्षेत्र में आरएसएसआई सहनशील गन्ना किस्म का प्रसार भी PHILSURIN के सहयोग से किया जा रहा है, जिसे आगामी नियंत्रण रणनीति का हिस्सा बनाया जाएगा। एसआरए ने बताया कि, मिंडानाओ में भी 1,266 हेक्टेयर गन्ना क्षेत्र आरएसएसआई से प्रभावित हुआ है। प्रभावित किसानों की सहायता के लिए सामाजिक कल्याण एवं विकास विभाग (DSWD) ने कृषि विभाग और एसआरए के सहयोग से 10.56 मिलियन पेसो की आपात नकद सहायता वितरित की है। नेग्रोस ऑक्सिडेंटल के तालिसाय और सैन कार्लोस शहरों के 1,000 छोटे गन्ना किसानों को यह सहायता दी गई, जिसमें प्रत्येक किसान को 10,325 पेसो प्राप्त हुए।
डीएसडब्ल्यूडी ने 113.5 मिलियन पेसो के प्रारंभिक आपात सहायता कार्यक्रम के तहत 11,000 से अधिक गन्ना किसानों को सहायता देने का लक्ष्य रखा है। वहीं, शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन ने पिछले वर्ष दिसंबर से अब तक 9.2 मिलियन पेसो खर्च कर नेग्रोस द्वीप में आरएसएसआई नियंत्रण अभियान को लगातार जारी रखा है।


















