सहारनपुर : किसान सहकारी चीनी मिल में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। मिल की प्रबंध समिति के कुछ सदस्यों ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर प्रधान प्रबंधक, लेखाकार और मुख्य लेखाकार पर गंभीर वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि, फर्जी बिलों के माध्यम से ठेकेदारों और सप्लायरों को दोहरा भुगतान कर चीनी मिल को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।
प्रबंध समिति के सदस्य अरविंद कुमार, सुमन, विनोद कुमार, नवाब सिंह, अरुण कुमार और राजपाल सिंह ने शिकायत में कहा है कि मिल में किसी भी भुगतान से पहले सहायक लेखाकार, लेखाकार, मुख्य लेखाकार और प्रधान प्रबंधक की स्वीकृति अनिवार्य होती है। इसके बावजूद कई मामलों में एक ही बिल का दोबारा भुगतान किया गया। उनका दावा है कि, लगभग 30 से 35 ठेकेदारों को दोहरा भुगतान किया गया है और अन्य भुगतान मामलों की भी गहन जांच आवश्यक है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि, मामला उजागर होने के बाद निष्पक्ष जांच कराने के बजाय स्थानीय स्तर पर जांच समिति गठित कर प्रकरण को दबाने का प्रयास किया गया। आरोप यह भी है कि जिन ठेकेदारों को कथित रूप से अधिक भुगतान हुआ, उनसे बाद में राशि वापस जमा कराकर मामले को समाप्त करने की कोशिश की गई।
प्रबंध समिति ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि 1 अप्रैल 2025 से 20 जुलाई 2026 तक सभी ठेकेदारों और सप्लायरों को किए गए भुगतानों, लेजर खातों और बैंक अभिलेखों की स्वतंत्र एजेंसी या विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। वहीं, चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक अंकित कुमार ने सांठगांठ के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्य अभियंता एस.एस. सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जिसमें मुख्य गन्ना अधिकारी और उप प्रबंधक (ईडीपी) शामिल हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने वाले संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















