नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक प्रस्तावित मार्च निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह मार्च E20 ईंधन नीति के विरोध में हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपने के उद्देश्य से आयोजित किया जाना था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित मार्च के लिए किसी प्रकार की आधिकारिक मंजूरी नहीं दी गई है। साथ ही, बिना अनुमति किसी भी जुलूस या मार्च को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है।
शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित “नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट E20” कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि वे 4 अगस्त को दोपहर 12 बजे 100 स्वयंसेवकों के साथ प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करेंगे। उन्होंने कहा था कि यह प्रतिनिधिमंडल ई20 मिश्रित पेट्रोल के विरोध में ऑनलाइन अभियान के माध्यम से जुटाए गए लगभग दो लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौंपेगा।
इससे पहले सोमवार को केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में अमेरिका से एथेनॉल खरीदने पर सहमत होने के बाद E20 ईंधन नीति को बढ़ावा दे रही है।पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने पिछले महीने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर E20 ईंधन नीति पर चर्चा के लिए समय मांगा था, लेकिन अब तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है।


















