चीनी की बढ़ती कीमतों से एथेनॉल उत्पादन पर पड़ सकता है असर, मिलों को चीनी बेचने में दिख रहा अधिक मुनाफा : विशेषज्ञ

नई दिल्ली : भारत में चीनी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के चलते एथेनॉल उत्पादन प्रभावित हो सकता है, क्योंकि चीनी मिलों के लिए गन्ने या चीनी को एथेनॉल उत्पादन में लगाने की बजाय चीनी बनाकर बाजार में बेचना अधिक लाभदायक साबित हो रहा है। देश में चीनी उत्पादन में कमी, कुछ क्षेत्रों में कम वर्षा और त्योहारी सीजन की बढ़ती मांग के कारण चीनी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने चीनी निर्यात पर प्रतिबंध लगाए हैं और स्टॉक सीमा भी तय की है। इसके बावजूद उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि, आने वाले समय में भी चीनी के दाम मजबूत बने रह सकते हैं।

बिजनेस स्टैंडर्ड में प्रकाशित खबर के अनुसार, वर्तमान में खुदरा बाजार में चीनी की कीमत 48-50 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है, जबकि थोक बाजार में यह 4,750-4,800 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर कारोबार कर रही है। जून के अंत में महाराष्ट्र और कर्नाटक में एस-ग्रेड चीनी की एक्स-फैक्टरी कीमत लगभग 3,850 रुपये प्रति क्विंटल थी।उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि, नई चीनी पेराई सीजन शुरू होने तक कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती हैं।ऐसे में चीनी या गन्ने को एथेनॉल उत्पादन के लिए मोड़ने की संभावना कम हो जाएगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

त्योहारी सीजन में और महंगी हो सकती है चीनी

त्योहारों के दौरान चीनी की मांग बढ़ने से कीमतों में और तेजी आ सकती है। इससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और सरकार के लिए अतिरिक्त बिक्री कोटा जारी करना भी मुश्किल हो सकता है। सरकार ने कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए स्टॉक सीमा लागू की है। आदेश के अनुसार, कोई भी चीनी व्यापारी 30 दिनों से अधिक का स्टॉक नहीं रख सकेगा और किसी एक स्थान पर 4,000 क्विंटल से अधिक चीनी रखने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश 1 अगस्त 2026 से लागू हो चुका है और 30 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।

एथेनॉल की तुलना में चीनी उत्पादन अधिक लाभकारी

ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने कहा कि, एथेनॉल की कीमतों में लंबे समय से कोई वृद्धि नहीं हुई है, जबकि 2022-23 में अंतिम बार एथेनॉल मूल्य संशोधन के बाद से गन्ने की कीमतों में लगभग 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो चुकी है। इससे चीनी मिलों के लिए इथेनॉल उत्पादन कम लाभकारी हो गया है। उन्होंने कहा कि, इस वर्ष चीनी का स्टॉक कम होने के कारण चीनी की कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं। मौजूदा इथेनॉल कीमतों पर एथेनॉल उत्पादन और भी कम लाभदायक हो जाएगा। चीनी की मौजूदा कीमतों को देखते हुए 2026-27 के एथेनॉल आपूर्ति वर्ष में चीनी को एथेनॉल उत्पादन के लिए मोड़ने की मात्रा घटने की संभावना है। यदि गन्ने, चीनी और एथेनॉल की वर्तमान कीमतें बनी रहती हैं, तो उद्योग गन्ने के रस और बी-हेवी शीरे (मोलासेस) से इथेनॉल उत्पादन बंद कर सकता है। ऐसी स्थिति में इथेनॉल उत्पादन केवल सी-हेवी शीरे तक सीमित रह सकता है।

उद्योग ने एथेनॉल कीमत बढ़ाने की मांग की

विजेंद्र सिंह ने कहा कि, एथेनॉल उत्पादक मौजूदा स्थिति को लेकर चिंतित हैं। यदि अतिरिक्त चीनी का उत्पादन होता है, तो लंबी अवधि में चीनी की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है। आमतौर पर चीनी उद्योग हर वर्ष 25 से 35 लाख टन चीनी इथेनॉल उत्पादन के लिए मोड़ता है। यदि यह प्रक्रिया रुक जाती है, तो बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ सकती है।एसोसिएशन ने सरकार से एथेनॉल की कीमतें बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि, अधिशेष चीनी से एथेनॉल उत्पादन जारी रखना दीर्घकालिक नीति का हिस्सा होना चाहिए, क्योंकि इससे गन्ना किसानों और चीनी उद्योग दोनों को लाभ मिला है।

चीनी उत्पादन लगातार दूसरे वर्ष रह सकता है कम

इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) के अनुसार, 2025-26 पेराई सीजन में भारत का चीनी उत्पादन लगभग 2.79 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जबकि घरेलू खपत लगभग 2.85 करोड़ टन रहने की संभावना है।इसका अर्थ है कि लगातार दूसरे वर्ष उत्पादन, खपत से कम रह सकता है। सीजन की शुरुआत में उद्योग ने उत्पादन का अनुमान 3.09 करोड़ टन लगाया था, लेकिन उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में कमजोर गन्ना फसल के कारण उत्पादन अपेक्षा से अधिक घट गया।

चीनी का कम स्टॉक बढ़ा रहा चिंता

1 अक्टूबर 2025 को शुरू हुए मौजूदा सीजन की शुरुआत में भारत के पास लगभग 47 लाख टन चीनी का शुरुआती स्टॉक था। अनुमानित 2.79 करोड़ टन उत्पादन के साथ कुल उपलब्धता 3.26 करोड़ टन रही। घरेलू खपत 2.85 करोड़ टन और लगभग 8 लाख टन निर्यात के बाद 1 अक्टूबर 2026 तक शुरुआती स्टॉक केवल 33-35 लाख टन रहने का अनुमान है। इसे पिछले कई वर्षों के सबसे कम स्टॉक स्तरों में से एक माना जा रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here