नेल्लोर: भाजपा नेता मिडाथला रमेश ने आंध्र प्रदेश सरकार से बंद पड़ी कोवुर सहकारी चीनी मिल के पूर्व कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित वेतन, भविष्य निधि (पीएफ) और ग्रेच्युटी का तत्काल भुगतान करने की मांग की है। यह चीनी मिल पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से बंद पड़ी है।पूर्व मिल कर्मचारियों के साथ सोमवार को मिडाथला रमेश ने उप श्रम आयुक्त च. विजय कुमार रेड्डी से मुलाकात कर शीघ्र हस्तक्षेप की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।
रमेश ने बताया कि, इस चीनी मिल में लगभग 300 स्थायी कर्मचारी और 300 एनएमआर (दैनिक वेतनभोगी) कर्मचारी कार्यरत थे, लेकिन मिल बंद होने के बाद भी उनके वैधानिक लाभ और वेतन बकाया का भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र के इस उपक्रम ने अपने पूर्व कर्मचारियों को गंभीर आर्थिक संकट में छोड़ दिया है।
उन्होंने दावा किया कि, अपने बकाए के भुगतान का इंतजार करते हुए करीब 200 पूर्व कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है। रमेश ने सरकार से आग्रह किया कि परिसमापक (लिक्विडेटर) की नियुक्ति और मिल की संपत्तियों की बिक्री का इंतजार करने के बजाय एक विशेष कोष बनाकर कर्मचारियों का बकाया भुगतान किया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की छह सहकारी चीनी मिलों में से पांच से जुड़े कर्मचारियों के मुद्दों का समाधान हो चुका है, जबकि नेल्लोर सहकारी चीनी मिल के कर्मचारियों का मामला अभी भी लंबित है।
रमेश ने याद दिलाया कि, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चुनाव के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का वादा किया था। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा स्थानीय विधायकों द्वारा विधानसभा में भी उठाया गया था। हालांकि सरकार ने कथित तौर पर धन जारी करने का निर्णय ले लिया है, लेकिन आवश्यक आदेश अभी तक जारी नहीं किए गए हैं।उन्होंने कहा, बचे हुए अधिकांश कर्मचारी अब वृद्धावस्था में हैं। सरकार को बिना और देरी किए उनके परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।


















