नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान सरकार ने कहा कि, उत्तर भारत के कई हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा के बावजूद खरीफ फसलों की बुवाई जारी है और स्थिति पर केंद्र सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। सरकार ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में वर्षा की कमी और एल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए व्यापक निगरानी और तैयारी की जा रही है।
कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने संसद में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), आईसीएआर-सीरीडा, केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी), केंद्रीय भूजल बोर्ड (सीजीडब्ल्यूबी), महालनोबिस राष्ट्रीय फसल पूर्वानुमान केंद्र (एमएनसीएफसी), खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग, उर्वरक विभाग और राज्य सरकारों के साथ मिलकर मानसून की स्थिति और कृषि पर उसके प्रभाव की लगातार समीक्षा कर रहा है।
खरीफ 2026-27 की बुवाई जारी, पिछले वर्ष से केवल 5% कम
सरकार ने बताया कि खरीफ 2026-27 की बुवाई अभी भी जारी है और प्रमुख खरीफ फसलों के पहले अग्रिम उत्पादन अनुमान अभी जारी नहीं किए गए हैं। 13 जुलाई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में वर्तमान बुवाई क्षेत्र केवल 5 प्रतिशत कम है।
राज्यों को जारी की गई सलाह
कृषि मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जिला स्तर पर फसल और किस्म चयन, जल्दी पकने वाली अल्प अवधि की किस्मों का बीज भंडारण, राष्ट्रीय बीज भंडार (एनएसआर) के तहत बीज उपलब्धता, मानसून से पहले आकस्मिक बीज भंडार सक्रिय करने तथा बीज की गुणवत्ता और उपलब्धता की निगरानी के संबंध में विस्तृत परामर्श जारी किया है।
342 जिलों के लिए आकस्मिक कृषि योजनाएं तैयार
आईसीएआर-सीरीडा और राज्य सरकारों ने मिलकर 342 जिलों के लिए जिला कृषि आकस्मिक योजनाओं को अद्यतन किया है। इन योजनाओं में मानसून की देरी, मौसम के बीच में सूखे की स्थिति और फसल के अंतिम चरण में पड़ने वाले सूखे से निपटने के लिए फसल संबंधी रणनीतियां शामिल हैं। इसके अलावा, आईसीएआर ने कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार की है, जिसके तहत जरूरत आधारित आकस्मिक योजनाओं का क्रियान्वयन, कृषि विभागों के साथ समन्वय, रियल-टाइम कृषि परामर्श, क्षमता निर्माण, जागरूकता अभियान और त्वरित फीडबैक की व्यवस्था की गई है।
राहत की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की
सरकार ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन नीति (एनपीडीएम) के अनुसार अधिसूचित प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में राज्य सरकारें राहत उपाय लागू करने के लिए प्राथमिक रूप से जिम्मेदार होती हैं। राज्य सरकारें राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से स्वीकृत मदों और मानकों के अनुसार राहत कार्य करती हैं। यदि आपदा गंभीर प्रकृति की हो, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) से अतिरिक्त वित्तीय सहायता पर विचार किया जाता है। इसके लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (आईएमसीटी) द्वारा आकलन और राज्य सरकार द्वारा एनडीआरएफ सहायता के लिए ज्ञापन प्रस्तुत किया जाता है।सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के तहत दी जाने वाली सहायता राहत के रूप में होती है, न कि किसानों के दावाकृत नुकसान के मुआवजे के रूप में।


















