कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि, 2026-27 जूट वर्ष के लिए चीनी की पैकेजिंग में जूट बैग का अनिवार्य उपयोग 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत किया जाए। राज्य सरकार का कहना है कि यह कदम किसानों को बेहतर समर्थन देने, जूट मिलों को निरंतर चलाए रखने और इस सीजन की रिकॉर्ड जूट उपज को खपाने के लिए आवश्यक है। यह मांग वस्त्र मंत्रालय द्वारा आयोजित जूट पैकेजिंग सामग्री (वस्तुओं की पैकिंग में अनिवार्य उपयोग) अधिनियम, 1987 के तहत गठित स्थायी सलाहकार समिति (एसएसी) की 34वीं बैठक में उठाई गई। इस बैठक का उद्देश्य आगामी जूट वर्ष के लिए जूट पैकेजिंग आरक्षण पर सिफारिशें तैयार करना था।
राज्य सरकार के अनुसार, चीनी की पैकेजिंग में जूट बैग का आरक्षण बढ़ाने से कच्चे जूट की अतिरिक्त मांग पैदा होगी, किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और जूट मिलों का संचालन स्थिर बना रहेगा। पश्चिम बंगाल के श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि, राज्य सरकार ने समिति के समक्ष विस्तृत प्रस्तुति दी और जूट अर्थव्यवस्था की सुरक्षा तथा विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। यह पहली बार था जब पश्चिम बंगाल का श्रम विभाग और एमएसएमई एवं वस्त्र विभाग संयुक्त रूप से एसएसी के समक्ष प्रस्तुत हुए।
राज्य ने समिति को बताया कि इस वर्ष पश्चिम बंगाल में जूट की रिकॉर्ड पैदावार हुई है। सरकार ने कहा कि जूट मिलों का निर्बाध संचालन बेहद जरूरी है क्योंकि वे कच्चे जूट की सबसे बड़ी खरीदार हैं और संगठित क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराती हैं। राज्य ने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में पश्चिम बंगाल की सभी जूट मिलें संचालित हो रही हैं।
सरकार ने तर्क दिया कि, जूट एक जैव-अवक्रमणीय (बायोडिग्रेडेबल) और पर्यावरण-अनुकूल प्राकृतिक रेशा है, इसलिए इसे एचडीपीई और पॉलीप्रोपाइलीन (पीपी) जैसे सिंथेटिक विकल्पों की जगह उपयोग किया जाना चाहिए। सरकार का कहना है कि जूट पैकेजिंग के अनिवार्य उपयोग में किसी भी प्रकार की कमी प्लास्टिक प्रदूषण कम करने के प्रयासों के विपरीत होगी।
पश्चिम बंगाल ने जूट क्षेत्र के आर्थिक महत्व को भी रेखांकित करते हुए बताया कि यह उद्योग लाखों किसान परिवारों और बड़ी संख्या में औद्योगिक श्रमिकों की आजीविका से जुड़ा है तथा कृषि और उद्योग के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है। भारत की अधिकांश जूट मिलें पश्चिम बंगाल में स्थित हैं।
अब एसएसी की सिफारिशें आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) को भेजी जाएंगी, जो 2026-27 जूट वर्ष के लिए जूट पैकेजिंग आरक्षण पर अंतिम निर्णय लेगी। अनुमान के अनुसार, देश का जूट क्षेत्र लगभग 40 लाख किसान परिवारों और 2.5 लाख से अधिक जूट मिल श्रमिकों की आजीविका का आधार है, जबकि पश्चिम बंगाल भारत के जूट उद्योग का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।


















