चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा द्वारा E20 ईंधन के लिए उपयुक्त नहीं बनाए गए वाहनों पर E20 पेट्रोल के अनिवार्य उपयोग को स्थगित करने संबंधी प्रस्ताव पारित किए जाने के एक दिन बाद राज्य के कई किसान संगठनों ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम (ईबीपी) का समर्थन किया है। किसान संगठनों का कहना है कि, इस नीति से मक्का और गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर कीमत और अधिक आय मिली है।
किसान बचाओ मोर्चा और दोआबा किसान यूनियन से जुड़े संगठनों ने कहा कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम ने कृषि उपज के लिए स्थिर बाजार तैयार किया है और किसानों को मक्का तथा गन्ने का बेहतर मूल्य दिलाने में मदद की है।
किसान बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष किरपाल सिंह नथूवाला ने कहा कि, E20 कार्यक्रम से एथेनॉल उत्पादन में उपयोग होने वाली फसलों की मांग बढ़ी है, जिससे किसानों को लाभ हुआ है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को वाहन अनुकूलता से जुड़ी उपभोक्ताओं की चिंताओं का समाधान वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से करना चाहिए, न कि इस नीति को समाप्त करके। उन्होंने पंजाब विधानसभा की आलोचना करते हुए कहा कि, यह प्रस्ताव किसान संगठनों से परामर्श किए बिना पारित किया गया।
दोआबा किसान यूनियन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बाजिदपुर ने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन के विस्तार से मक्का और गन्ने की मांग मजबूत हुई है, जिससे किसानों को बेहतर और स्थिर कीमत मिल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि E20 कार्यक्रम को कमजोर किया गया या वापस लिया गया, तो इसका सबसे अधिक नुकसान पंजाब के मक्का उत्पादक किसानों को होगा।
नथूवाला के अनुसार, 2014-15 एथेनॉल आपूर्ति वर्ष से अब तक देशभर के किसानों को ईबीपी कार्यक्रम के तहत 1.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि 2024-25 एथेनॉल आपूर्ति वर्ष में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण हासिल होने से किसानों को लगभग 42,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।किसान बचाओ मोर्चा के महासचिव राजा सिंह ने कहा कि, E20 का विरोध करना किसानों के आर्थिक हितों का विरोध करने के समान है, क्योंकि इस नीति ने कृषि उपज के लिए सुनिश्चित मांग पैदा की है।
हालांकि, किसान संगठनों ने यह भी स्वीकार किया कि पुराने वाहनों की E20 ईंधन के साथ अनुकूलता एक वास्तविक चिंता है।किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) के संयोजक सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसानों के हित में गन्ने और मक्का से एथेनॉल उत्पादन जारी रहना चाहिए, लेकिन सरकार को ऐसे पुराने वाहनों के मालिकों के लिए समाधान निकालना होगा जो ई20 ईंधन के अनुकूल नहीं हैं। उन्होंने परिवहन क्षेत्र के अलावा एथेनॉल के अन्य औद्योगिक उपयोगों की संभावनाएं तलाशने का भी सुझाव दिया।
इस मुद्दे ने राज्य में राजनीतिक बहस भी तेज कर दी है। पंजाब भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार से सवाल किया है कि यदि वह E20 का विरोध कर रही है, तो सरकारी पेट्रोल चालित वाहनों का उपयोग क्यों जारी है।कृषि वैज्ञानिकों ने भी एथेनॉल उत्पादन के विस्तार का समर्थन किया है। कपूरथला स्थित क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र-सह-कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक एवं प्रधान वैज्ञानिक (गन्ना) गुलजार सिंह संघेरा ने कहा कि यदि उचित फसल विविधीकरण नीति लागू की जाए, तो पंजाब में गन्ने और मक्का से एथेनॉल उत्पादन बढ़ाने की पर्याप्त क्षमता है।
उन्होंने बताया कि, पंजाब में वर्तमान में लगभग एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती होती है, जिसका अधिकांश हिस्सा चीनी उत्पादन के लिए उपयोग होता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात की तरह यदि नीति समर्थन दिया जाए, तो एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने की खेती का दायरा और बढ़ाया जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित करने के लिए उद्योगों की फसल खरीद की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता आवश्यक होगी।

















