थकीत एफआरपी पर कई चीनी मिलों ने दी गलत जानकारी, दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो: राजू शेट्टी की चीनी आयुक्त से मांग

पुणे (महाराष्ट्र): स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने आरोप लगाया है कि, राज्य की कई चीनी मिलों ने थकीत एफआरपी (फेयर एंड रेम्युनरेटिव प्राइस) से संबंधित गलत आंकड़े चीनी आयुक्त कार्यालय को सौंपे हैं। उन्होंने चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते के साथ हुई बैठक में मांग की कि, ऐसे चीनी मिलों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामले दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

बैठक में बकाया गन्ना भुगतान, एफआरपी के क्रियान्वयन, गन्ने के वजन में अनियमितता, रिकवरी (उतारा) में कथित चोरी और किसानों के अन्य लंबित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। शेट्टी ने चीनी उद्योग में कथित गड़बड़ियों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

एफआरपी के आंकड़ों में भारी अंतर

राजू शेट्टी ने दावा किया कि, चीनी मिलों द्वारा प्रस्तुत बकाया एफआरपी के आंकड़ों और किसानों के वास्तविक बकाया भुगतान में बड़ा अंतर है।उन्होंने कहा कि मिल मालिक सरकार को गुमराह कर रहे हैं, इसलिए संबंधित मिलों के खिलाफ तुरंत आपराधिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

विलंब से भुगतान की गई एफआरपी पर मिले ब्याज

शेट्टी ने कहा कि, पिछले तीन वर्षों में जिन चीनी मिलों ने एफआरपी का भुगतान दो या तीन किश्तों में किया है, वे किसानों को देरी की अवधि का ब्याज तत्काल उनके खातों में जमा करें। उन्होंने आरोप लगाया कि, राज्य सरकार की चरणबद्ध एफआरपी भुगतान नीति के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

सभी तौल कांटों को एआई तकनीक से जोड़ा जाए

गन्ने के वजन और रिकवरी में होने वाली कथित चोरी को रोकने के लिए राज्य के सभी तौल कांटों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक के माध्यम से ऑनलाइन जोड़े जाने की मांग भी शेट्टी ने की। उनका कहना है कि इससे वजन में हेराफेरी और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगेगी।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि, मराठवाड़ा क्षेत्र की कुछ चीनी मिलों में रिकवरी चोरी के मामले बढ़ रहे हैं, इसलिए वहां चीनी आयुक्त कार्यालय को अलग जांच तंत्र स्थापित करना चाहिए।

500 टन से अधिक गन्ना दिखाने वाले किसानों की सूची सार्वजनिक हो

बैठक में यह भी मांग की गई कि प्रत्येक पेराई सत्र में जिन किसानों के नाम पर 500 टन से अधिक गन्ना दर्ज किया जाता है, ऐसे सभी संदिग्ध मामलों की सूची सार्वजनिक की जाए, ताकि गन्ने के वजन और फर्जी रिकॉर्ड में होने वाली गड़बड़ियों पर रोक लग सके।

बढ़ी चीनी कीमतों का लाभ किसानों को मिले

स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने कहा कि, चालू पेराई सत्र में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी तथा उप-उत्पादों के दाम बढ़ने से चीनी मिलों का मुनाफा बढ़ा है। इसलिए किसानों को प्रति टन 300 रुपये की दूसरी किश्त तत्काल दी जानी चाहिए।संगठन ने यह भी कहा कि देश और राज्य में चीनी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, इसलिए केंद्र सरकार को किसी भी स्थिति में चीनी आयात करने का निर्णय नहीं लेना चाहिए।

सहकारिता मंत्री पर भी शेट्टी का निशाना

राजू शेट्टी ने राज्य के सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “यदि सहकारिता मंत्री की अपनी चीनी मिल पर ही किसानों की एफआरपी का भुगतान नहीं करने का आरोप है, तो प्रशासन आखिर कानूनी कार्रवाई किसके खिलाफ करेगा?” इस बैठक में एडवोकेट योगेश पांडे, प्रभाकर बांगर तथा चीनी आयुक्त कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here