सीतामढ़ी: बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग ने रीगा चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य गन्ना उत्पादन दोगुना करना और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि करना है। इस संबंध में ईंख आयुक्त अनिल कुमार झा ने विभागीय अधिकारियों, कृषि विभाग के पदाधिकारियों, ग्रामीण स्तर के कर्मचारियों और चीनी मिल प्रबंधन के साथ समन्वय बैठक की।बैठक में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए नवाचार, आधुनिक कृषि तकनीक और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
मिल की क्षमता के मुकाबले गन्ने की भारी कमी
बैठक में बताया गया कि पिछले पेराई सत्र में रीगा चीनी मिल में केवल 17 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हुई थी, जबकि मिल को पूरी क्षमता से संचालित करने के लिए 50 से 60 लाख क्विंटल गन्ने की आवश्यकता है। वर्तमान में मिल क्षेत्र में लगभग 20 हजार एकड़ में गन्ने की खेती हो रही है। चीनी मिल और कृषि विभाग के आंकड़ों की समीक्षा के दौरान करीब 2,000 एकड़ का अंतर भी सामने आया, जिसे दूर करने के लिए संयुक्त सर्वेक्षण और समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता बताई गई।
रकबा और उत्पादन दोनों बढ़ाने का लक्ष्य
अधिकारियों के अनुसार, यदि गन्ना उत्पादन 30 लाख क्विंटल तक पहुंचता है तो किसानों के खातों में लगभग 120 करोड़ रुपये का भुगतान होगा। वहीं, यदि अगले सीजन तक गन्ना रकबा और उत्पादन दोनों दोगुना कर दिए जाएं, तो किसानों को 240 करोड़ रुपये तक की आय प्राप्त हो सकती है। ईंख आयुक्त ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के अनुरूप है और इससे क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
गन्ना बड नर्सरी और कृषि यंत्र बैंक पर अनुदान
बैठक में गन्ना बड नर्सरी, कृषि यंत्र बैंक, उन्नत बीज उत्पादन और बीज खरीद पर उपलब्ध अनुदान योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कृषि यंत्र बैंक योजना के तहत व्यक्तिगत किसानों को 45 प्रतिशत और किसान समूहों को 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर गन्ना उत्पादन बढ़ाने की अपील की गई।


















