बिहार : सीवान में चीनी मिल बंद होने से बदली खेती की तस्वीर, गन्ने की जगह सब्जियों की खेती की ओर बढ़े किसान

सीवान: सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड के पश्चिमोत्तर इलाके में चीनी मिल बंद होने के बाद खेती का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। कभी गन्ने की खेती यहां के किसानों की आर्थिक रीढ़ मानी जाती थी, लेकिन मीरगंज स्थित एसकेजी चीनी मिल बंद होने के बाद गन्ने की बिक्री और परिवहन की समस्याएं बढ़ गईं। इसके चलते बड़ी संख्या में किसानों ने गन्ने की जगह आलू, टमाटर, गोभी, बैंगन, मिर्च, खीरा और अन्य मौसमी सब्जियों की खेती शुरू कर दी है। स्थानीय किसानों का कहना है कि, पहले गन्ने की बिक्री सीधे एसकेजी चीनी मिल में हो जाती थी और उससे मिलने वाली आय से बेटियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई, कृषि निवेश और घरेलू खर्च आसानी से पूरे हो जाते थे। गन्ना इस क्षेत्र की प्रमुख नगदी फसल थी, इसलिए किसानों को भुगतान और बाजार को लेकर अपेक्षाकृत अधिक भरोसा रहता था।

प्रभात खबर में प्रकाशित खबर के मुताबिक, मिल बंद होने के बाद किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती गन्ने की बिक्री बन गई। दूर स्थित चीनी मिलों तक गन्ना पहुंचाने में परिवहन लागत बढ़ गई, जबकि स्थानीय स्तर पर प्रभावी खरीद व्यवस्था नहीं होने से गन्ने की खेती लाभकारी नहीं रही। मजबूरी में किसानों ने धीरे-धीरे सब्जियों की खेती को अपनाना शुरू कर दिया। हालांकि, किसान मानते हैं कि सब्जी की खेती से उन्हें अलग-अलग मौसम में आय मिल रही है, लेकिन इसमें बाजार भाव, फसल खराब होने, सिंचाई, मजदूरी और विपणन का जोखिम अधिक है। उनके अनुसार गन्ने की खेती में चीनी मिल के माध्यम से खरीद की सुनिश्चित व्यवस्था होने से आय का एक भरोसा बना रहता था।उनका कहना है कि, मिल के पुनः संचालन से केवल गन्ना किसानों को ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में रोजगार और कृषि आधारित कारोबार को भी नई गति मिलेगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here