दिसपुर : मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के लाभार्थियों के लिए रियायती मसूर दाल और चीनी वितरण योजना को पुनः शुरू किया। इस योजना के तहत मसूर दाल 70 रुपये प्रति किलोग्राम और चीनी 30 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पूरे असम में 2.48 करोड़ लाभार्थियों को लाभ मिलेगा। यह योजना वोट-ऑन-अकाउंट बजट के कारण दो महीने के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई थी।
यह कार्यक्रम राहा विधानसभा क्षेत्र के कामरजान गांव में सुरेन पातर की उचित मूल्य दुकान परिसर में आयोजित किया गया। सरकार का कहना है कि, मुफ्त चावल के साथ रियायती दर पर मसूर दाल और चीनी की आपूर्ति राज्य के गरीब परिवारों की पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस योजना से असम के 70 लाख से अधिक परिवारों के लगभग 2,48,11,645 लोगों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि, यह योजना सरकार की जन-केंद्रित पहल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने यह भी बताया कि, तकनीकी कारणों से फिलहाल नमक का वितरण तुरंत शुरू नहीं हो सका, लेकिन कुछ ही दिनों में इसे भी रियायती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर कृषि मंत्री पियूष हजारिका, खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कौशिक राय, विधायक शशिकांत दास, रूपक सरमा और जीतू गोस्वामी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


















