नई दिल्ली: भारत के एथेनॉल कार्यक्रम ने ईएसवाई 2025-26 के दौरान एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 800 करोड़ लीटर से अधिक आपूर्ति का आंकड़ा पार कर लिया है। ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 में अनाज आधारित एथेनॉल की हिस्सेदारी बढ़कर 76 प्रतिशत हो गई, जिससे देश के एथेनॉल उत्पादन में अनाज की भूमिका और मजबूत हुई है।
जुलाई में 93 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति
जुलाई 2026 के दौरान कुल 93 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति की गई, जिसके साथ संचयी आपूर्ति 800 करोड़ लीटर के महत्वपूर्ण स्तर से आगे निकल गई। जुलाई में 71 करोड़ लीटर एथेनॉल अनाज आधारित फीडस्टॉक से प्राप्त हुआ, जो कुल मासिक आपूर्ति का लगभग 76 प्रतिशत है। जून में यह हिस्सेदारी लगभग 73 प्रतिशत थी, जब 103 करोड़ लीटर कुल आपूर्ति में से 75 करोड़ लीटर एथेनॉल अनाज आधारित स्रोतों से आया था।यह बदलाव इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि कुल एथेनॉल आपूर्ति में मामूली कमी आने के बावजूद अनाज आधारित आपूर्ति लगभग स्थिर रही, जिससे इसकी हिस्सेदारी बढ़ गई।
मक्का और एफसीआई के अधिशेष अनाज की बड़ी भूमिका
जुलाई में मक्का और एफसीआई के अधिशेष अनाज से 30-30 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हुआ। दोनों मिलकर जुलाई की कुल अनाज आधारित आपूर्ति का लगभग 85 प्रतिशत योगदान देते हैं। इसके अलावा क्षतिग्रस्त खाद्यान्न से 11 करोड़ लीटर एथेनॉल प्राप्त हुआ।मक्का और एफसीआई के अधिशेष अनाज का लगभग समान योगदान यह दर्शाता है कि भारत की एथेनॉल आपूर्ति प्रणाली अब कई प्रकार के अनाज स्रोतों पर आधारित हो रही है और विभिन्न कृषि संसाधनों का लचीले ढंग से उपयोग करने में सक्षम है।
गन्ना आधारित एथेनॉल की हिस्सेदारी घटी
जुलाई में गन्ना आधारित फीडस्टॉक से 22 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति हुई, जबकि जून में यह 28 करोड़ लीटर थी। इसके साथ गन्ना आधारित एथेनॉल की हिस्सेदारी 27 प्रतिशत से घटकर 24 प्रतिशत रह गई। जुलाई की गन्ना आधारित आपूर्ति में बी-हेवी शीरा से 17 करोड़ लीटर, गन्ना रस से 4 करोड़ लीटर और सी-हेवी शीरा से 1 करोड़ लीटर एथेनॉल प्राप्त हुआ।
कई फीडस्टॉक स्रोतों का महत्व बढ़ा
मासिक आंकड़े यह स्पष्ट करते हैं कि, अनाज और गन्ना आधारित फीडस्टॉक का योगदान समय-समय पर बदल सकता है। यही कारण है कि भारत के एथेनॉल कार्यक्रम में विविध उत्पादन स्रोतों को बनाए रखना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को बड़े स्तर पर स्थापित करने के बाद अब उद्योग अगले चरण की ओर बढ़ रहा है, जहां उत्पादन क्षमता, फीडस्टॉक की उपलब्धता और मांग के बीच संतुलन बनाना आवश्यक होगा।
अब मांग बढ़ाने पर ध्यान देना होगा
AIDA की उपमहानिदेशक भारती बालाजी ने कहा कि, 800 करोड़ लीटर का आंकड़ा पार करना भारत के एथेनॉल कार्यक्रम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि, जुलाई में अनाज आधारित एथेनॉल की हिस्सेदारी 73 प्रतिशत से बढ़कर 76 प्रतिशत होना और मक्का तथा एफसीआई के अधिशेष अनाज का 30-30 करोड़ लीटर योगदान इस बात का प्रमाण है कि देश की एथेनॉल आपूर्ति प्रणाली कई फीडस्टॉक स्रोतों के माध्यम से तेजी से विस्तार कर रही है।उन्होंने कहा कि, अब सबसे बड़ा कदम इस बढ़ती उत्पादन क्षमता के अनुरूप पर्याप्त मांग तैयार करना है। उच्च एथेनॉल मिश्रण, फ्लेक्स-फ्यूल वाहन और एथेनॉल के व्यापक उपयोग से पिछले दशक में विकसित हुए पूरे एथेनॉल तंत्र की क्षमता का पूरा उपयोग किया जा सकता है।


















