NFCSF ने केंद्र सरकार से चीनी मिलों के भौतिक सत्यापन के बाद चीनी भंडार का आंकड़ा सार्वजनिक करने की मांग की

नई दिल्ली: राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ (NFCSF) ने केंद्र सरकार से मांग की है कि, चीनी मिलों में किए गए भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) के बाद उपलब्ध चीनी भंडार का अनुमानित आंकड़ा सार्वजनिक किया जाए। महासंघ का कहना है कि, इससे बाजार में फैल रही अटकलों पर रोक लगेगी और हाल के दिनों में बढ़ी चीनी कीमतों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। NFCSF के प्रबंध निदेशक प्रकाश नाइकनवरे ने यह मांग ऐसे समय में उठाई है, जब आशंका जताई जा रही है कि मौजूदा चीनी सीजन के 30 सितंबर तक समाप्त होने पर देश में चीनी का स्टॉक घटकर लगभग 35 लाख टन रह सकता है। इससे 2026-27 सीजन के शुरुआती दो महीनों में मांग पूरी करने के लिए चीनी की उपलब्धता सीमित हो सकती है।

नाइकनवरे ने कहा कि, बाजार पहले से ही चीनी आपूर्ति में संभावित कमी को समझ चुका है और आवंटित बिक्री कोटे से अधिक बिक्री (ओवरसेलिंग) ने कीमतों पर अतिरिक्त दबाव बनाया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा स्टॉक सीमा लागू किए जाने के बाद थोक बाजार में चीनी की कीमत लगभग 48 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 46 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास आ गई है। उन्होंने कहा, चीनी की संभावित कमी का आभास उपभोक्ताओं, उत्पादकों, किसानों, व्यापारियों और सरकार—सभी को है। सुपर एल नीनो का फसल पर संभावित प्रभाव भी एक महत्वपूर्ण कारक है। इसके अलावा, कोटे से अधिक बिक्री के कारण भी बाजार प्रभावित हुआ है।”

ChiniMandi WhatsApp Channel

खुदरा और थोक बाजार में चीनी कीमतों में तेज बढ़ोतरी

उपभोक्ता मामले मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक महीने में देशभर में चीनी की खुदरा कीमतों में 8 प्रतिशत और थोक कीमतों में 7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दिल्ली और एनसीआर के अन्य हिस्सों में चीनी की कीमत लगभग 46-48 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 55-56 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। वहीं, 12 अगस्त को दिल्ली में चीनी का आधिकारिक औसत मूल्य 49 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। नाइकनवरे ने इस बढ़ोतरी को “अस्वाभाविक उछाल” बताया और कहा कि आने वाले महीनों में कीमतों में वृद्धि की उम्मीद थी, लेकिन वर्तमान गति सामान्य नहीं है।

स्टॉक सत्यापन पूरा होने के बाद आंकड़े जारी करने की मांग

केंद्र सरकार ने 24 जुलाई को देश की सभी चीनी मिलों में चीनी भंडार का भौतिक सत्यापन कराने का आदेश दिया था, जिसे 14 अगस्त तक पूरा किया जाना था। इसके अलावा, 28 जुलाई को सरकार ने स्टॉक सीमा लागू करते हुए व्यापारियों के लिए एक समय में अधिकतम 400 टन चीनी रखने की सीमा निर्धारित की, जो 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।नाइकनवरे ने कहा कि, सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार को तुरंत आधिकारिक आंकड़े जारी करने चाहिए।उन्होंने कहा, अगले सप्ताह से सरकार चीनी भंडार का आधिकारिक आंकड़ा जारी कर सकती है। आगे की अटकलों को रोकने के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण होगा।

नवंबर में चीनी आपूर्ति हो सकती है और अधिक तंग

सरकार ने चीनी मिलों से अक्टूबर की शुरुआत में ही पेराई सत्र शुरू करने का अनुरोध किया है, ताकि लगभग 15 लाख टन चीनी का उत्पादन किया जा सके, जबकि सामान्यतः इस अवधि में करीब 5 लाख टन चीनी का उत्पादन होता है।हालांकि, चीनी मिलों ने कम गन्ना रिकवरी का हवाला देते हुए समय से पहले पेराई शुरू करने को आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाने के लिए प्रोत्साहन (इंसेंटिव) की मांग की है।

नाइकनवरे के अनुसार, मौजूदा सीजन में देश का शुद्ध चीनी उत्पादन लगभग 279 लाख टन रहने का अनुमान है, जो अक्टूबर की लगभग 24 लाख टन मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त होगा। लेकिन नवंबर में चीनी की उपलब्धता और अधिक तंग हो सकती है। उन्होंने कहा कि, कर्नाटक की चीनी मिलें सामान्यतः जल्दी पेराई शुरू करती हैं और यदि अन्य राज्य भी 15 अक्टूबर से संचालन शुरू कर दें, तो नई चीनी और पिछले सीजन के स्टॉक के सहारे नवंबर की मांग पूरी की जा सकती है। दिसंबर से नई फसल की चीनी बड़े पैमाने पर बाजार में आने लगेगी, जिससे आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद है।

एथेनॉल के लिए चीनी डायवर्जन पर लग सकती है रोक

नाइकनवरे ने कहा कि स्टॉक सत्यापन पूरा होने के बाद केंद्र सरकार का पहला कदम चीनी को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने (डायवर्जन) को नियंत्रित करना हो सकता है, क्योंकि सरकार की प्राथमिकता घरेलू बाजार में पर्याप्त चीनी उपलब्ध कराना है। मौजूदा अक्टूबर-सितंबर सीजन में लगभग 24 लाख टन चीनी एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट होने का अनुमान है, जबकि 2024-25 में यह आंकड़ा 34 लाख टन था। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि यदि घरेलू चीनी आपूर्ति तंग रहती है, तो 2026-27 सीजन में जैव ईंधन उत्पादन के लिए चीनी डायवर्जन की गुंजाइश बहुत कम रहेगी।

उद्योग जगत के नेताओं ने कहा कि यदि सरकार गन्ने के रस या बी-हेवी शीरे (B-heavy molasses) से एथेनॉल उत्पादन पर प्रतिबंध लगाने की योजना बना रही है, तो इसकी जानकारी चीनी मिलों को पहले से देनी चाहिए। इस संबंध में सरकार द्वारा अगस्त के अंत तक घोषणा किए जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी डायवर्जन 2022-23 में 43 लाख टन, 2023-24 में 24 लाख टन और मौजूदा सीजन में लगभग 24 लाख टन रहने का अनुमान है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here