नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान एक प्रश्न के माध्यम से 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वानुमान की सटीकता तथा अब तक हुई वास्तविक वर्षा के वितरण की तुलना में उसके आकलन का विवरण पूछा गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 13 अप्रैल 2026 को 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए पहला चरण दीर्घावधि पूर्वानुमान जारी किया था, जिसमें दीर्घकालिक औसत (LPA) के 92 प्रतिशत के बराबर, सामान्य से कम वर्षा का अनुमान लगाया गया था। बाद में दूसरे चरण के पूर्वानुमान में इसे LPA के 90 प्रतिशत तक संशोधित किया गया और साथ ही एल नीनो परिस्थितियों के विकसित होने की संभावना व्यक्त की गई।
पूर्वानुमान के अनुरूप जून 2026 में सामान्य से 35 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई और देश के 70 प्रतिशत जिलों में वर्षा की कमी देखी गई। हालांकि, जुलाई में अखिल भारतीय स्तर पर वर्षा LPA से 1 प्रतिशत अधिक रही, जिसका मुख्य कारण मध्य भारत में हुई तेज वर्षा थी, लेकिन क्षेत्रीय असमानताएं बनी रहीं। जुलाई के दौरान भी 47 प्रतिशत जिलों में कम या अत्यधिक कम वर्षा दर्ज की गई। 2 अगस्त 2026 तक पूरे मानसून सीजन की संचयी वर्षा LPA से 12 प्रतिशत कम रही, जो मौसमी उतार-चढ़ाव के बावजूद IMD के शुरुआती पूर्वानुमान के काफी हद तक अनुरूप मानी गई।
मंत्री ने बताया कि, पूर्वानुमान के अनुसार जून 2026 में भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में कमजोर एल नीनो परिस्थितियां विकसित हुईं, जो बाद में मध्यम स्तर तक मजबूत हो गईं। इसने देशभर में मानसूनी परिसंचरण को कमजोर करने में प्रमुख भूमिका निभाई। एल नीनो के कारण देश में कुल 12 प्रतिशत वर्षा घाटा और 47 प्रतिशत जिलों में व्यापक वर्षा की कमी देखने को मिली। इन परिस्थितियों के प्रमुख प्रभावों में लंबे शुष्क दौर (Dry Spells), स्थानीय मौसमीय सूखा, मिट्टी में नमी की कमी, वर्षा आधारित फसलों पर नमी का तनाव तथा जलाशयों के जलस्तर में गिरावट शामिल हैं। IMD इन जलवायु कारकों की लगातार निगरानी कर रहा है और संबंधित मंत्रालयों तथा राज्य सरकारों को आपदा प्रबंधन और कृषि योजना के लिए समय-समय पर सलाह जारी कर रहा है।
5 अगस्त तक कई राज्यों में भारी वर्षा घाटा
5 अगस्त 2026 तक की संचयी वर्षा के आंकड़ों के अनुसार देश के विभिन्न मौसम उपखंडों में वर्षा वितरण में उल्लेखनीय असमानता देखी गई। 16 मौसम उपखंडों में सामान्य से 20 प्रतिशत से 38 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई।प्रमुख राज्यों और क्षेत्रों में वर्षा घाटा इस प्रकार रहा: बिहार (-38%), अरुणाचल प्रदेश (-36%), असम और मेघालय (-35%), तटीय आंध्र प्रदेश एवं यानम (-35%), लक्षद्वीप (-33%), पंजाब (-33%), रायलसीमा (-32%), पूर्वी उत्तर प्रदेश (-30%), झारखंड (-30%), हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली (-26%), केरल एवं माहे (-22%), पूर्वी मध्य प्रदेश (-22%), पूर्वी राजस्थान (-22%), नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा (NMMT) (-21%), तटीय कर्नाटक (-21%) तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक (-20%) प्रमुख रूप से शामिल हैं।
जहां वर्षा की कमी है, वहां फसलों पर नमी का तनाव बढ़ने और जलाशयों में जल भंडारण घटने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा समय रहते जोखिम प्रबंधन उपाय करने में सहायता के लिए उपखंड-स्तरीय मौसम चेतावनियां और परामर्श लगातार जारी कर रहा है।


















