चंडीगढ़ : दि ट्रिब्यून में प्रकाशित खबर के अनुसार, पंजाब की मंडियों में सोमवार को चीनी की थोक कीमत बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो के नए उच्च स्तर पर पहुंच गई। वहीं, खुदरा बाजार में उपभोक्ताओं को चीनी करीब 65 रुपये प्रति किलो मिल रही है। किराना कारोबारियों का कहना है कि बाजार में चीनी की आपूर्ति अस्थिर बनी हुई है। खबर में कहा गया है की, केंद्र सरकार ने जमाखोरी और सट्टेबाजी पर रोक लगाने के लिए 1 अगस्त से 30 नवंबर तक चीनी के स्टॉक रखने की सीमा लागू की है। इसके बावजूद घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी जारी है। चीनी के गुड़ की कीमतों में भी पिछले एक महीने में तेजी आई है।
एक सप्ताह में चीनी के दाम तेजी से बढ़े
पंजाब किराना रिटेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, अब खुदरा ग्राहकों को एक किलो चीनी के लिए करीब 65 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। किराना व्यापारी संदीप गुप्ता ने ‘दि ट्रिब्यून’ को बताया कि, करीब एक सप्ताह पहले चीनी 54 से 56 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रही थी, जो अब बढ़कर लगभग 65 रुपये हो गई है। करीब एक महीने पहले यही चीनी 46 से 48 रुपये प्रति किलो के आसपास उपलब्ध थी। गुप्ता ने कहा कि चीनी की कीमतों को स्थिर रखने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदम अब तक अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाए हैं। खासकर एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के डायवर्जन के बाद कीमतों को नियंत्रित रखना चुनौती बन गया है।
4,000 क्विंटल की स्टॉक सीमा पर व्यापारियों की चिंता
गुप्ता के मुताबिक, सरकार द्वारा प्रत्येक डीलर के लिए 4,000 क्विंटल की स्टॉक सीमा तय किए जाने के बाद व्यापारियों, डीलरों और बिचौलियों ने चीनी का स्टॉक जमा करना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि मिलों से चीनी की वास्तविक आवाजाही में बढ़ोतरी हुए बिना स्टॉक रखने की प्रवृत्ति बढ़ने से बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है।
मांग नहीं बढ़ी, फिर कीमतों में उछाल क्यों?
फरीदकोट के खुदरा व्यापारी और रिटेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ओंकार गोयल ने कहा कि, मौजूदा कीमतों में बढ़ोतरी का मांग और आपूर्ति के वास्तविक आधार से कोई स्पष्ट संबंध नहीं है। उनके अनुसार, बाजार में चीनी की मांग में कोई बड़ी वृद्धि नहीं हुई है। त्योहारी सीजन, जिसमें आमतौर पर चीनी की मांग बढ़ती है, अभी शुरू भी नहीं हुआ है। गोयल ने आरोप लगाया कि नियमित चीनी स्टॉक की आपूर्ति खुदरा कारोबारियों को नहीं मिलने के कारण बाजार में कृत्रिम कमी का माहौल बनाया जा रहा है।
सरकार ने जमाखोरी रोकने के दिए निर्देश
उपभोक्ता जीएस बेदी ने कहा कि, चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने और कीमतों में स्थिरता बनाए रखने के सरकार के प्रयास अब तक प्रभावी साबित नहीं हुए हैं। उन्होंने जमाखोरी पर नियंत्रण को लेकर भी चिंता जताई। राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की अतिरिक्त निदेशक अंजुमन भास्कर, जो राज्य के मूल्य निगरानी प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी भी संभालती हैं, ने चीनी की कीमतों में वृद्धि को स्वीकार किया है।
कीमतों पर नियंत्रण के लिए उन्होंने सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों (DFSCs) और उपायुक्तों को जमाखोरी रोकने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और शुगर (कंट्रोल) ऑर्डर, 2025 के तहत पंजाब के सभी डीलरों को अपना पंजीकरण कराना होगा, चीनी का स्टॉक घोषित करना होगा और हर सप्ताह फूड स्टॉक मॉनिटरिंग पोर्टल पर अपना इन्वेंटरी अपडेट करना होगा।विभाग की ओर से नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



















किस कारण से बाजार में इतनी तेजी आई और चीनी कहां गई क्या ऐसे ही बाजार चलता रहेगा तो गरीब कहां से अपना परिवार चलाएगा क्या चीनी में और भी तेजी आने की संभावना है
ये एथेनॉल वाली बीमारी को बंद करो सरकार इसी सबसब परेशान हो गए है