भारत के उर्वरक क्षेत्र में अगले छह महीनों में 90,000 करोड़ रुपये तक निवेश की उम्मीद: ICRA

नई दिल्ली : भारत के घरेलू यूरिया क्षेत्र में निवेश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। रेटिंग एजेंसी ICRA के अनुसार, उर्वरक कंपनियां अगले छह महीनों में 80,000 से 90,000 करोड़ रुपये तक का पूंजीगत निवेश कर सकती हैं। नई निवेश नीति से यूरिया उत्पादन क्षमता बढ़ने और वर्ष 2030-31 से यूरिया आयात पर भारत की निर्भरता कम होने की उम्मीद है। ICRA के मुताबिक, न्यू इन्वेस्टमेंट पॉलिसी फॉर यूरिया-2026 (NIPU-2026) के तहत स्थापित होने वाले संयंत्रों को शुरू होने में लगभग 3.5 से 4 वर्ष लग सकते हैं। इन परियोजनाओं से 2030-31 से भारत की घरेलू यूरिया जरूरतों को पूरा करने की क्षमता में महत्वपूर्ण सुधार होने की उम्मीद है।

वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने अपनी कुल यूरिया जरूरत का करीब 27 प्रतिशत आयात किया। देश में यूरिया उत्पादन की मौजूदा क्षमता करीब 30.6 मिलियन टन प्रति वर्ष (MMTPA) है, जबकि मांग लगभग 39.9 मिलियन टन रही।हालांकि, नई नीति में परियोजनाओं की आर्थिक व्यवहार्यता को कुछ सख्त किया गया है। इसके तहत अधिसूचित प्राप्तियों को कम किया गया है और रिटर्न की सीमा भी घटाई गई है। NIPU-2026 में इक्विटी पर रिटर्न (ROE) की सीमा 12-16 प्रतिशत कर दी गई है, जबकि पिछली NIP-2012 नीति में यह 12-20 प्रतिशत थी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ICRA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और ग्रुप हेड गिरीशकुमार कदम ने कहा कि, इसके बावजूद परियोजना संचालकों के लिए कर्ज चुकाने की क्षमता और रिटर्न से जुड़े संकेतक सहज बने रहने की उम्मीद है। ICRA का अनुमान है कि, कम फ्लोर और सीलिंग रियलाइजेशन के कारण 1.27 MMTPA क्षमता वाले एक सामान्य यूरिया संयंत्र का EBITDA, NIP-2012 की तुलना में 250-280 करोड़ रुपये तक कम हो सकता है। इसके बावजूद ग्रीनफील्ड परियोजना के लिए आठ साल की नीति अवधि में संचयी डेट सर्विस कवरेज रेशियो (DSCR) करीब 1.26 गुना रहने का अनुमान है।

गिरीशकुमार कदम के अनुसार, परियोजना की लागत को नियंत्रित रखना और संयंत्रों को लगातार 95 प्रतिशत से अधिक क्षमता उपयोग पर चलाना परियोजना संचालकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।यूरिया क्षेत्र में होने वाला यह निवेश अन्य संबंधित क्षेत्रों के लिए भी नए अवसर पैदा कर सकता है। प्रत्येक नए 1.27 MMTPA क्षमता वाले यूरिया संयंत्र से करीब 2.2 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रतिदिन (MMSCMD) गैस की अतिरिक्त मांग और लगभग 0.6 मिलियन टन LNG की खपत बढ़ने की उम्मीद है।

इससे गैस ट्रांसमिशन कंपनियों, गैस कारोबारियों और LNG टर्मिनलों की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं EPC कंपनियों और हाई-प्रेशर प्रोसेस वेसल, हीट एक्सचेंजर, रिएक्टर और अमोनिया कन्वर्टर जैसे महत्वपूर्ण उपकरण बनाने वाली कंपनियों को भी बढ़ते ऑर्डर से फायदा मिलने की संभावना है।

हालांकि ICRA ने आयातित प्राकृतिक गैस पर निर्भरता को एक प्रमुख जोखिम बताया है। उर्वरक क्षेत्र की कुल गैस खपत में आयातित LNG की हिस्सेदारी 2020-21 के 64 प्रतिशत से बढ़कर 2025-26 में करीब 85 प्रतिशत हो गई है। ऐसे में नई यूरिया उत्पादन क्षमता शुरू होने के साथ गैस की आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाना और अलग-अलग गैस सोर्सिंग समझौतों पर ध्यान देना महत्वपूर्ण होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here