वॉशिंगटन, डीसी : ईरान के साथ जारी गतिरोध के बीच अमेरिका ने कथित तौर पर हॉर्मुज जलडमरूमध्य से प्रतिदिन लाखों बैरल कच्चे तेल के परिवहन के लिए एक गुप्त समुद्री शिपिंग कॉरिडोर स्थापित किया है। समाचार एजेंसी Axios ने दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है।यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान के साथ जारी नाजुक 60-दिवसीय युद्धविराम को आगे बढ़ाने से इनकार किया है। ट्रंप ने कहा है कि, हॉर्मुज जलडमरूमध्य खुला है और इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर वॉशिंगटन का “पूर्ण नियंत्रण” है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान पिछले कई हफ्तों से चल रहा है। इसके तहत हर रात 15 से 20 तेल टैंकर ओमान के तट के साथ स्थित दक्षिणी समुद्री मार्ग से गुजर रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 1 करोड़ बैरल कच्चा तेल खाड़ी से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। यह संघर्ष से पहले के स्तर का लगभग आधा है। अमेरिका के नेतृत्व वाला यह अभियान केवल तेल से लदे टैंकरों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है। इसके तहत खाली टैंकरों को भी अरब सागर से हॉर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते खाड़ी के बंदरगाहों तक पहुंचने में सहायता दी जा रही है, जहां वे तेल लोड करने के बाद वापस अंतरराष्ट्रीय बाजारों की ओर रवाना होते हैं।
इस पूरे अभियान का समन्वय उत्तरी कैरोलिना के फोर्ट ब्रैग स्थित अमेरिकी सेना मुख्यालय से संचालित एक अमेरिकी टास्क फोर्स द्वारा किया जा रहा है।इसमें खाड़ी क्षेत्र के सहयोगी देश भी शामिल हैं। तेल टैंकरों को आने-जाने वाले अलग-अलग काफिलों में व्यवस्थित किया जाता है और उन्हें अमेरिकी सैन्य निगरानी में निर्धारित दक्षिणी समुद्री कॉरिडोर से गुजारा जाता है।
ईरान की निगरानी क्षमता प्रभावित होने का दावा
अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया कि, यह समुद्री कॉरिडोर हाल ही में अमेरिकी सेंट्रल कमांड द्वारा चलाए गए दो सप्ताह के अभियान के बाद प्रभावी हो सका। इस अभियान में ईरान की रडार क्षमता और समुद्री निगरानी ढांचे को नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया है।इसके अलावा, अमेरिकी वायुसेना संभावित ईरानी ड्रोन और क्रूज मिसाइल हमलों से बचाव के लिए हवाई सुरक्षा भी उपलब्ध करा रही है।अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, हमलों के बाद दक्षिणी समुद्री मार्ग पर तेहरान की निगरानी क्षमता सीमित हो गई है। फिलहाल वहां कुछ मरम्मत किए गए रडार स्टेशन और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के छोटे जहाजों पर तैनात निगरानीकर्ता ही सक्रिय हैं।अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी कहा कि, ईरानी बलों ने संभावित शिपिंग मार्गों की ओर मिसाइलें दागी हैं, लेकिन अमेरिकी सेना ने कई आने वाले खतरों को निष्क्रिय कर दिया।
रोजाना करीब 1 करोड़ बैरल तेल की आवाजाही
पिछले दो सप्ताह के दौरान रात में 15 से 20 टैंकरों की आवाजाही के कारण रोजाना तेल निर्यात करीब 1 करोड़ बैरल के स्तर पर स्थिर रहा है। हालांकि, कुछ दिनों में यह मात्रा 1.5 करोड़ से 2 करोड़ बैरल प्रतिदिन तक भी पहुंची है।हालांकि, ऊर्जा आपूर्ति अभी भी संघर्ष से पहले के स्तर से कम है, लेकिन अमेरिकी अभियान ने दुनिया के प्रमुख ऊर्जा परिवहन मार्गों में से एक में जारी संघर्ष के कारण होने वाले बड़े आर्थिक व्यवधान को कम करने में मदद की है। राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को Axios से कहा कि, हॉर्मुज जलडमरूमध्य से भारी मात्रा में तेल बाहर जा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वॉशिंगटन इस समय तेहरान के साथ सक्रिय बातचीत नहीं कर रहा है।Axios के अनुसार, अमेरिका द्वारा संचालित इस समुद्री मार्ग की पूरी परिचालन व्यवस्था के बारे में पहले सार्वजनिक रूप से विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य बना वैश्विक ऊर्जा का अहम केंद्र
28 फरवरी को संघर्ष बढ़ने के बाद से हॉर्मुज जलडमरूमध्य लगातार तनाव का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इस दौरान तेल आपूर्ति में कई बार व्यवधान आया और इस बात को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए कि यह समुद्री मार्ग चालू है या अवरुद्ध। हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा परिवहन मार्गों में से एक है। इसके माध्यम से वैश्विक तेल खपत का करीब 20 प्रतिशत, दुनिया में कारोबार होने वाले तेल का लगभग एक चौथाई और प्रतिदिन करीब 11.4 अरब घन फीट LNG का परिवहन होता है।


















