बेंगलुरु : पारादीप फॉस्फेट्स लिमिटेड (PPL) ने 20 अगस्त 2026 को कर्नाटक में गन्ने की खेती के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया उर्वरक ‘जय किसान नवरत्न क्रॉपफिट’ लॉन्च करने की घोषणा की। कंपनी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह उर्वरक कर्नाटक के गन्ना किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
कंपनी के मुताबिक, इस उत्पाद को गन्ने की फसल के लिए प्रमुख, द्वितीयक और सूक्ष्म पोषक तत्वों की संतुलित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है। गन्ने की फसल को लंबे समय तक और अधिक मात्रा में पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। कंपनी ने बताया कि असंतुलित उर्वरक उपयोग, विशेष रूप से नाइट्रोजन का अत्यधिक इस्तेमाल और द्वितीयक व सूक्ष्म पोषक तत्वों की अपर्याप्त आपूर्ति, पोषक तत्वों के उपयोग की दक्षता, फसल के प्रदर्शन और मिट्टी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
14:14:13 एनपीके अनुपात वाला उर्वरक
कंपनी के अनुसार, जय किसान नवरत्न क्रॉपफिट में नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटैशियम (NPK) का अनुपात 14:14:13 है। इसके अलावा इसमें 4% सल्फर, 1% जिंक, 0.1% बोरॉन और 1% आयरन मौजूद है।यह उर्वरक बेसल एप्लीकेशन यानी फसल की शुरुआती अवस्था में मिट्टी में डालने के लिए तैयार किया गया है। PPL के अनुसार, इसकी सटीक मिश्रित और समान दानेदार संरचना एक ही बार में फसल की बेहतर स्थापना और पोषक तत्वों के प्रभावी अवशोषण में मदद करने के उद्देश्य से विकसित की गई है।
कर्नाटक के 13 जिलों में उपयोग की सिफारिश
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर (FCO) से स्वीकृत इस ग्रेड की सिफारिश कर्नाटक के 13 जिलों में गन्ने की खेती के लिए की गई है। इन जिलों में बागलकोट, बेलगावी, बल्लारी, बीदर, चामराजनगर, गडग, कलबुर्गी, कोप्पल, मांड्या, मैसूरु, विजयपुरा, यादगिर और विजयनगर शामिल हैं। PPL के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कृष्णन ने कहा कि कंपनी का फोकस अब केवल उर्वरक उपलब्ध कराने से आगे बढ़कर विज्ञान आधारित और फसल-विशिष्ट पोषण समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में विकसित हो रहा है। उन्होंने इस लॉन्च को किसानों के लिए संतुलित पोषक तत्वों के उपयोग को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
PPL के संयुक्त प्रबंध निदेशक एवं मुख्य परिचालन अधिकारी राजीव नांबियार ने कहा कि इस उर्वरक का फॉर्मूलेशन फसल पोषण की कंपनी की समझ पर आधारित है और इसका उद्देश्य फसल की मजबूत शुरुआत तथा किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ दिलाने में सहायता करना है। PPL के अध्यक्ष एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी हर्षदीप सिंह ने कहा कि कंपनी अपने किसान एवं वितरण नेटवर्क के माध्यम से इस उत्पाद के बारे में जागरूकता, प्रदर्शन और कृषि संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को पोषक तत्वों के सही इस्तेमाल की जानकारी हो, तो अनुकूलित उर्वरक उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कंपनी ने कहा कि, यह लॉन्च संतुलित पौध पोषण और पोषक तत्वों के बेहतर उपयोग की दक्षता को बढ़ावा देने की उसकी व्यापक रणनीति का हिस्सा है। यह उत्पाद कंपनी के ‘जय किसान नवरत्न’ पोर्टफोलियो का भी हिस्सा है।


















