चंडीगढ़: पंजाब का चीनी क्षेत्र लगातार दबाव का सामना कर रहा है। राज्य में गन्ने का उत्पादन छह साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है, जबकि एक महीने में खुदरा चीनी की कीमतों में करीब 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इससे चीनी की उपलब्धता और त्योहारों के मौसम में कीमतों में और वृद्धि की आशंका बढ़ गई है। गन्ना विकास निदेशालय के अनुसार, पंजाब में 2025-26 में गन्ने का उत्पादन घटकर 69.1 लाख टन रह गया, जो 2020-21 में 74.9 लाख टन था। वर्ष 2022-23 और 2023-24 में उत्पादन बढ़कर 75.1 लाख टन तक पहुंच गया था, लेकिन इसके बाद 2024-25 में घटकर 72.8 लाख टन रह गया।
गन्ने के उत्पादन में यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब सरकार फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के प्रयास कर रही है। गन्ने के रकबे में कमी से आने वाले महीनों में त्योहारों के मौसम में मांग बढ़ने के कारणचीनी की उपलब्धता पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
किसानों को सहायता जारी रखेगी सरकार
पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि, राज्य सरकार गन्ना किसानों को बेहतर रोपण सामग्री, सब्सिडी वाली कृषि मशीनरी, उर्वरक, कीटनाशक, मिट्टी जांच की सुविधा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उनका समर्थन जारी रखेगी। हालांकि, पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और कृषि विशेषज्ञ विनोद कुमार चौधरी ने कहा कि किसानों के गन्ने से दूर होने का एक प्रमुख कारण भुगतान में देरी है। उन्होंने बताया कि, खेती की बढ़ती लागत और गन्ने की कटाई के लिए मजदूरों की कमी भी किसानों को गेहूं और धान की खेती की ओर जाने के लिए प्रेरित कर रही है।उन्होंने कहा कि यदि राज्य में किसानों को गन्ने की खेती से जोड़े रखना है तो चीनी मिलों को किसानों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करना होगा।
एक महीने में चीनी की कीमतों में भारी उछाल
गन्ने के उत्पादन में गिरावट के साथ ही चीनी की कीमतों में भी तेज बढ़ोतरी हुई है। व्यापारी राहुल अनेजा के अनुसार, करीब एक महीने पहले अमृतसर में चीनी 46 से 48 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही थी। अगस्त के मध्य तक इसकी कीमत बढ़कर 54 से 56 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई और अब यह करीब 65 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है।खुदरा विक्रेताओं के मुताबिक, ब्रांडेड चीनी की कीमत 70 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक हो गई है। चीनी की कीमतों में इस बढ़ोतरी से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कारोबारियों की लागत भी बढ़ रही है। खासकर मिठाई की दुकानों, बेकरी और पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों पर इसका असर पड़ रहा है, क्योंकि त्योहारों के दौरान चीनी की मांग आमतौर पर बढ़ जाती है।
जमाखोरी के खिलाफ सरकार की कार्रवाई
पंजाब सरकार ने चीनी की जमाखोरी के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी है। व्यापारियों को एक स्थान पर 4,000 क्विंटल से अधिक चीनी रखने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा खरीदा गया स्टॉक 30 दिनों से अधिक समय तक नहीं रखा जा सकता। ये प्रतिबंध 30 नवंबर तक लागू रहेंगे। शुगरफेड के चेयरमैन नवदीप जीदा ने निजी चीनी मिलों में एथेनॉल उत्पादन को बढ़ती प्राथमिकता को चीनी की आपूर्ति में कमी का एक कारण बताया है।
उन्होंने कहा कि, सरकारी चीनी मिलें चीनी उत्पादन को प्राथमिकता दे रही हैं, जबकि निजी मिलें अधिक रिटर्न मिलने के कारण एथेनॉल उत्पादन पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं। जीदा ने बताया कि, पंजाब ने एथेनॉल प्लांट्स को लेकर केंद्र सरकार के एक प्रस्ताव को भी अस्वीकार कर दिया था। इस प्रस्ताव के तहत केंद्र सरकार परियोजना लागत का 90 प्रतिशत और राज्य सरकार शेष 10 प्रतिशत खर्च करने वाली थी। गन्ने के उत्पादन में गिरावट, मौसम से फसलों को हुए नुकसान और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली मांग को देखते हुए किसानों और व्यापारियों का कहना है कि जब तक चीनी की आपूर्ति में सुधार नहीं होता, तब तक कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।


















