गन्ना बकाया 16,087 करोड़ रुपये पहुंचने पर AIKS ने चीनी नीति की आलोचना की

नई दिल्ली: अखिल भारतीय किसान सभा (AIKS) ने केंद्र सरकार की चीनी क्षेत्र से जुड़ी नीतियों की कड़ी आलोचना की। संगठन का आरोप है कि, सरकार की नीतियों से निजी चीनी मिलों और कॉरपोरेट प्रोसेसिंग कंपनियों को फायदा हो रहा है, जबकि गन्ना किसानों के वैधानिक बकाये का भुगतान नहीं किया जा रहा है। ‘रूरल वॉयस’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह आलोचना ऐसे समय में सामने आई है, जब देश में चीनी की कीमतें तेजी से बढ़ रही है।

24 अगस्त 2026 को जारी एक प्रेस बयान में AIKS के अध्यक्ष राजन क्षीरसागर और महासचिव रावुला वेंकैया ने कहा कि, एक्स-मिल चीनी की कीमत पिछले साल करीब 3,900 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर अब 5,400-5,500 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। खुदरा बाजार में भी चीनी की कीमतों में तेजी आई है। संगठन के अनुसार, देशभर में चीनी की औसत खुदरा कीमत 58.23 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। ओडिशा में यह 64.72 रुपये प्रति किलो और कई क्षेत्रीय बाजारों में 60 से 70 रुपये प्रति किलो के बीच है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

AIKS के अनुसार, भारत में हर साल करीब 440 मिलियन टन गन्ने का उत्पादन होता है, जिससे लगभग 33-35 मिलियन टन चीनी तैयार होती है। हालांकि, संगठन का दावा है कि इस फसल से पैदा होने वाले मूल्य का बड़ा हिस्सा प्रोसेसर और औद्योगिक उपयोगकर्ताओं के पास चला जाता है।किसान संगठन के मुताबिक, खाद्य प्रसंस्करण, पेय पदार्थ और फार्मास्यूटिकल्स जैसे औद्योगिक क्षेत्र देश में होने वाली चीनी की कुल खपत का 60-75 फीसदी हिस्सा इस्तेमाल करते हैं।

एथेनॉल उत्पादन को लेकर भी सवाल

AIKS ने दावा किया है कि, सरकार के E20 एथेनॉल मिश्रण लक्ष्य को पूरा करने के लिए 76-95 मिलियन टन गन्ना, यानी कुल पेराई किए जाने वाले गन्ने का करीब 18-20 फीसदी, एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ा जा रहा है। संगठन के अनुसार, चीनी मिलों को एथेनॉल, सह-उत्पादित बिजली, प्रेसमड और बैगास से भी आय होती है, लेकिन इन अतिरिक्त आय स्रोतों का पर्याप्त हिस्सा किसानों तक नहीं पहुंच रहा है।

AIKS ने 16,087 करोड़ रुपये के बकाया गन्ना भुगतान को तत्काल जारी करने की मांग की है। इसके साथ ही वैधानिक 15 फीसदी ब्याज और 2025-26 सत्र के लिए FRP के ऊपर 1,200 रुपये प्रति टन बोनस देने की मांग की गई है।संगठन ने बेसलाइन FRP को 456 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने और C2+50 फीसदी की अपनी गणना के आधार पर इसे बढ़ाकर 548-563 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी की है।

इसके अलावा AIKS ने, एथेनॉल और अन्य उप-उत्पादों से होने वाली आय सहित किसानों को शुद्ध प्राप्त मूल्य का 75 फीसदी वैधानिक हिस्सा देने की मांग की है। सहकारी चीनी मिलों की मजबूरी में नीलामी और कॉरपोरेट अधिग्रहण रोकने की मांग की है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here