मुंबई: महाराष्ट्र के चीनी मिलर्स केंद्र सरकार की ओर से 2026-27 का गन्ना पेराई सीजन जल्द शुरू करने के प्रयास का विरोध कर रही हैं। मिलर्स के अनुसार, समय से पहले कच्चे गन्ने की कटाई करने से चीनी की रिकवरी कम हो सकती है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार सामान्य 1 नवंबर की बजाय इस वर्ष पेराई सीजन 15 अक्टूबर से शुरू करने पर विचार कर रही है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस संबंध में अंतिम निर्णय ले सकते हैं।
केंद्र ने 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने की दी सलाह
राज्य के सहकारिता विभाग ने पेराई सीजन की शुरुआत की तारीख पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस को पत्र भेजा है। केंद्र सरकार ने हाल ही में महाराष्ट्र समेत देश के 10 चीनी उत्पादक राज्यों को 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने की सलाह दी है, ताकि त्योहारी सीजन के दौरान देश में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, इस प्रस्ताव का कई सहकारी और निजी चीनी मिलों ने विरोध किया है। महाराष्ट्र में सामान्यतः चीनी का पेराई सीजन 1 नवंबर से शुरू होकर 150 से 165 दिनों तक चलता है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र की सहकारी और निजी दोनों चीनी मिलों के प्रबंधन 15 दिन पहले पेराई शुरू करने को लेकर कई कारणों से आशंकित हैं। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली समिति जल्द ही इस पर अंतिम फैसला लेगी।
210 चीनी मिलों पर होगा फैसले का असर
राज्य के चीनी आयुक्त संजय कोलते ने कहा कि, पेराई सीजन शुरू करने की तारीख पर सरकार अंतिम निर्णय लेगी।उन्होंने कहा, फैसला होने के बाद राज्य की सभी 210 सहकारी और निजी चीनी मिलों के प्रबंधन को इसकी जानकारी दी जाएगी। महाराष्ट्र राज्य सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के उपाध्यक्ष प्रताप ओहल ने कहा कि, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के दौरान गन्ने की कटाई को लेकर मिलों को चिंता है। उन्होंने बताया कि, महाराष्ट्र के विभिन्न गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में सितंबर के अंत से अक्टूबर के मध्य तक मानसून की वापसी के दौरान बारिश होती है। इससे खेतों में जलभराव हो जाता है और किसानों के लिए गन्ने की कटाई मुश्किल हो सकती है।ओहल के अनुसार, ऐसी स्थिति में अक्टूबर के दौरान चीनी मिलों को पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध नहीं होने की आशंका है।
कच्चे गन्ने से चीनी रिकवरी घटने का डर
पूर्व राज्य मंत्री और जालना जिले की एक सहकारी चीनी मिल के अध्यक्ष राजेश टोपे ने कहा कि, समय से पहले गन्ने की कटाई करने से चीनी की रिकवरी प्रभावित हो सकती है, क्योंकि उस समय गन्ना पूरी तरह परिपक्व नहीं होगा। उन्होंने कहा कि, महाराष्ट्र में नवंबर में पेराई शुरू करने के लिए मौसम की स्थिति अधिक अनुकूल रहती है। यदि 15 अक्टूबर से पेराई शुरू की जाती है, तो गन्ना पूरी तरह परिपक्व नहीं होने के कारण चीनी रिकवरी कम से कम 1% घट सकती है।इसका सीधा असर चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा, क्योंकि अक्टूबर के शुरुआती 15 दिनों में कम उत्पादन होगा।
क्या है चीनी रिकवरी?
चीनी रिकवरी का अर्थ है कि एक निश्चित मात्रा के गन्ने से कितनी मात्रा में चीनी प्राप्त होती है। महाराष्ट्र में चीनी की रिकवरी दर 9% से अधिक है। यानी लगभग 100 किलो गन्ने से 9 किलो या उससे अधिक चीनी प्राप्त होती है।
मिलों ने केंद्र से मुआवजे की मांग की
राजेश टोपे ने कहा कि, राज्य सरकार द्वारा लिया गया फैसला चीनी मिलों को मानना होगा, लेकिन यदि जल्द पेराई शुरू करने के कारण मिलों को आर्थिक नुकसान होता है, तो केंद्र सरकार से उसका मुआवजा दिलाने की मांग राज्य सरकार को करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, शुरुआती पेराई के कारण होने वाले वित्तीय नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र से उचित मुआवजा मिलों को दिया जाना चाहिए।
कर्नाटक की मिलों से गन्ना जाने का भी डर
हालांकि, महासंघ के कुछ सदस्यों ने अलग तरह की चिंता जताई है। उनका कहना है कि, यदि महाराष्ट्र में पेराई सीजन समय से पहले शुरू नहीं किया गया, तो कर्नाटक जैसे पड़ोसी राज्यों की चीनी मिलें महाराष्ट्र के किसानों से गन्ना खरीद सकती हैं। ऐसी स्थिति में महाराष्ट्र की चीनी मिलों को अपने पेराई सीजन के दौरान गन्ने की कमी का सामना करना पड़ सकता है। महासंघ के सदस्यों ने कहा कि यदि केंद्र सरकार शुरुआती कटाई के कारण होने वाली कम चीनी रिकवरी के लिए मिलों को मुआवजा देने पर सहमत होता है, तो 15 अक्टूबर से पेराई सीजन शुरू करने पर विचार किया जा सकता है।


















