नई दिल्ली: सरकार द्वारा कच्ची चीनी के आयात की अनुमति देने और सट्टेबाजी व जमाखोरी पर कार्रवाई तेज करने के बाद चीनी के एक्स-मिल भाव में करीब 18 प्रतिशत की गिरावट आई है। खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा के हवाले से ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ ने यह जानकारी दी है। हालांकि, कीमतों में आई यह गिरावट अभी तक थोक और खुदरा बाजार में पूरी तरह दिखाई नहीं दे रही है। पिछले सप्ताह चीनी के एक्स-मिल भाव बढ़कर रिकॉर्ड 67 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए थे। चोपड़ा ने बताया कि कीमतों में यह तेजी मुख्य रूप से चीनी मिलों द्वारा दरें बढ़ाए जाने के कारण आई थी। हालांकि, अब कीमतों में नरमी शुरू हो गई है और आने वाले दिनों में इनमें और गिरावट की संभावना है।
चीनी के पर्याप्त स्टॉक के बावजूद बढ़े थे दाम
खाद्य सचिव ने कहा कि, चीनी की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी का बाजार के मूलभूत कारणों से पर्याप्त समर्थन नहीं था। उन्होंने बताया कि, 2025-26 में चीनी का उत्पादन पहले के अनुमान 343 लाख टन के मुकाबले घटकर करीब 306 लाख टन रहने का अनुमान है, लेकिन इसके बावजूद देश में चीनी का स्टॉक पर्याप्त है। भारत में सालाना घरेलू चीनी खपत करीब 280-285 लाख टन रहने का अनुमान है। चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने पिछले सप्ताह 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात की अनुमति दी। इसके अलावा थोक उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक सीमा लागू की गई और राज्यों को जमाखोरी तथा सट्टेबाजी पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक्स-मिल भाव में और गिरावट की उम्मीद
राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ (एनएफसीएसएफ) के प्रबंध निदेशक प्रकाश नाइकनवरे ने कहा कि, फिलहाल देश के किसी भी राज्य में एक्स-मिल चीनी का भाव 55 रुपये प्रति किलो से अधिक नहीं है। उन्होंने कहा कि जमाखोरी की जांच के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड की तैनाती और केंद्र सरकार के अन्य कदमों से कीमतों में तेजी को नियंत्रित करने में मदद मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में एक्स-मिल भाव में और गिरावट आ सकती है।
खुदरा बाजार में अभी भी चीनी महंगी
नाइकनवरे के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में एक्स-मिल और थोक कीमतों के बीच करीब 2-3 रुपये प्रति किलो का अंतर रहता है। वहीं, एक्स-मिल और खुदरा कीमतों के बीच आमतौर पर 7-8 रुपये प्रति किलो का अंतर होता है।हालांकि, एक्स-मिल भाव में गिरावट के बावजूद थोक और खुदरा बाजार में चीनी की कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं।उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 24 अगस्त को देश में चीनी का औसत थोक भाव 58.29 रुपये प्रति किलो, जबकि औसत खुदरा भाव 63.05 रुपये प्रति किलो था।


















