नासिक सहकारी चीनी मिल फिर संकट में फंसी; संचालन करने वाली पुणे की कंपनी ने छोड़ा साथ, संपत्ति जब्ती की नौबत

नासिक (महाराष्ट्र): लंबे समय तक कुप्रबंधन और कथित भ्रष्टाचार का शिकार रही नासिक सहकारी चीनी मिल (नासाका) को करीब तीन साल पहले किसी तरह दोबारा शुरू किया गया था। लेकिन इसे संचालित करने वाली पुणे की कंपनी ने बीच में ही अपना काम समेट लिया। इसके चलते आगामी गन्ना पेराई सत्र में मिल शुरू होने की संभावना नहीं है। इससे मिल के कार्यक्षेत्र के गन्ना किसानों की चिंता बढ़ गई है। मिल का करीब 14 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया होने के कारण पिछले चार महीनों से महावितरण ने बिजली आपूर्ति काट रखी है। जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की राशि भी बकाया है। समझौते के अनुसार चीनी की प्रत्येक बोरी की टैगिंग के लिए 101 रुपये के हिसाब से दो पेराई सत्रों की करोड़ों रुपये की राशि बैंक को नहीं मिली। इसके बाद बैंक ने कंपनी को समझौता रद्द करने का नोटिस जारी किया है।

किसानों को 3,001 रुपये का भाव घोषित, लेकिन पूरा भुगतान नहीं

ChiniMandi WhatsApp Channel

सितंबर 2025 में पुणे के प्रसाद घावटे ने नासाका को संचालित करने की जिम्मेदारी संभाली थी। उस समय गन्ने के लिए 3,001 रुपये प्रति टन का भाव घोषित किया गया था। हालांकि, सभी किसानों को इस दर के अनुसार भुगतान नहीं किया गया, जिससे किसानों में भारी निराशा है। नासाका के इस तरह फिर संकट में आने से किसान और कर्मचारी बेहद नाराज हैं। किसानों का आरोप है कि, इस मामले में जनप्रतिनिधियों ने भी अपेक्षित हस्तक्षेप नहीं किया।

संपत्ति जब्त करने के आदेश

‘नासाका’ फिलहाल अष्टलक्ष्मी शुगर, एथेनॉल एंड एनर्जी लिमिटेड को लीज पर दिया गया है। यह कंपनी पूर्व सांसद हेमंत गोडसे से जुड़ी है। गोडसे की पहल पर करीब तीन साल पहले चीनी मिल दोबारा शुरू हुई था। पिछले वर्ष उन्होंने मिल का संचालन पुणे के प्रसाद घावटे को सौंप दिया। इसके बाद 60,304 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई होने के बावजूद मिल की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई। किसानों, आपूर्तिकर्ताओं और सुरक्षा कर्मचारियों समेत विभिन्न पक्षों के भुगतान लंबित रह गए।

चीनी आयुक्त के समक्ष चार बार सुनवाई

किसानों द्वारा प्रशासन से शिकायत के बाद चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते के समक्ष चार बार सुनवाई हुई। निर्णय के अनुसार, एफआरपी 2,189.50 रुपये प्रति टन के हिसाब से कुल 1,320.37 लाख रुपये का भुगतान किया जाना था। इसमें से कारखाने ने 1,058.29 लाख रुपये का भुगतान किया, जबकि 2 करोड़ 62 लाख 8 हजार रुपये की राशि अब भी बकाया है। चीनी आयुक्त ने इस राशि को 15 प्रतिशत ब्याज सहित चुकाने के लिए 15 मई की अंतिम समयसीमा दी थी, लेकिन कारखाना इस समयसीमा का पालन नहीं कर सका। इसके बाद चीनी आयुक्त ने 25 जून को कंपनी की संपत्ति जब्त करने के आदेश जारी किए। इस कार्रवाई के लिए नासिक के जिलाधिकारी को अधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है।

पूर्व सांसद हेमंत गोडसे ने ‘महाराष्ट्र टाइम्स’ के साथ बातचीत में कहा कि, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समधी और डॉ. श्रीकांत शिंदे के ससुर विठ्ठल कदम के कहने पर, इच्छा नहीं होने के बावजूद पिछले वर्ष पुणे के प्रसाद घावटे को मिल चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी। उनके अनुसार, घावटे के संचालन के बाद मिल की स्थिति खराब हो गई। वहीं, मिल के प्रशासक संतोष बिडवई ने कहा कि, लीज पर कारखाना चलाने वाली कंपनी ने जिला बैंक की राशि का भुगतान नहीं किया है। यदि कंपनी 28 अगस्त तक बकाया राशि का भुगतान नहीं करती है, तो ‘नासाका’ के साथ कंपनी का लीज समझौता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here