2025-26 में घरेलू चीनी की मांग मासिक कोटे से आगे निकली, उद्योग सूत्रों का दावा

नई दिल्ली : भारत में 2025-26 के चीनी सीजन के दौरान घरेलू बिक्री के लिए निर्धारित मासिक चीनी कोटा खपत की बढ़ती मांग के अनुरूप नहीं रहा। इससे बाजार में चीनी की उपलब्धता पर दबाव बढ़ा और कीमतों में तेजी आई। उद्योग से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। मई में खुदरा चीनी की कीमत बढ़कर 47 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। इस दौरान कीमतों में तेजी के लिए सट्टेबाजी को भी एक कारण बताया गया। हालांकि, उद्योग सूत्रों के अनुसार, मासिक बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंधों ने आपूर्ति सीमित करने में सीधी भूमिका निभाई।

अक्टूबर 2025 से मई 2026 के बीच चीनी मिलों को घरेलू बिक्री के लिए 178.5 लाख टन का कोटा दिया गया था, जबकि वास्तविक डिस्पैच 191.5 लाख टन रहा। यानी निर्धारित मात्रा से करीब 7 प्रतिशत अधिक चीनी बाजार में भेजी गई। खाद्य मंत्रालय चीनी क्षेत्र को नियंत्रित करता है और चीनी मिलों के लिए मासिक बिक्री कोटा निर्धारित करता है। मंत्रालय ने अगस्त तक घरेलू बिक्री के लिए 245.5 लाख टन चीनी की अनुमति दी है। यदि सितंबर का कोटा पिछले वर्ष के सितंबर के स्तर 23.5 लाख टन पर रखा जाता है, तो 2025-26 में घरेलू बिक्री के लिए कुल आवंटन 269 लाख टन हो जाएगा। यह 2024-25 में आवंटित 275.5 लाख टन की तुलना में 2.4 प्रतिशत कम है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उद्योग सूत्रों का कहना है कि, उपभोक्ता मांग बढ़ने के बावजूद मासिक कोटा लगातार पिछले वर्ष के स्तर के बराबर या उससे कम रहा। अब सीजन समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में पहले लगाए गए आधिकारिक अनुमानों की तुलना में बाजार में वास्तव में उपलब्ध चीनी का स्टॉक अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। अधिक डिस्पैच को देखते हुए, 2025-26 में घरेलू चीनी खपत 288-290 लाख टन के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि कम मात्रा में चीनी जारी करना स्टॉक संतुलन बनाए रखने के लिए सरकार की सतर्क रणनीति हो सकती है। इसके बावजूद कुछ मिलों ने अपने निर्धारित कोटे से अधिक चीनी बाजार में भेजी है। उद्योग सूत्रों के अनुसार, सरकार को सीजन के दौरान निर्धारित कोटे से अधिक बिक्री की जानकारी थी। इसका संकेत मासिक रिलीज आदेशों में भी मिलता है, जिनमें शुगर कंट्रोल ऑर्डर के नियमों का उल्लंघन करने वाली कुछ मिलों पर जुर्माने का उल्लेख किया गया है।

शुल्क-मुक्त आयात से 3-5 लाख टन चीनी उपलब्ध होने की संभावना

हाल ही में सरकार ने एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम (ALS) के तहत शुल्क-मुक्त आयात की गई कच्ची चीनी, जिसे दोबारा निर्यात किया जाना था, को घरेलू बाजार में बेचने की अनुमति दी है। उद्योग के एक सूत्र के मुताबिक, इससे तत्काल 3-5 लाख टन चीनी बाजार में उपलब्ध हो सकती है। हालांकि, रिफाइनर इस चीनी को चरणबद्ध तरीके से बाजार में उतार सकते हैं। एक साथ बड़ी मात्रा में चीनी बाजार में आने से कीमतों में तेज गिरावट का खतरा है।

थोक चीनी कीमतों में लगातार तेजी

शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति के बाद मिल स्तर पर कीमतों में कमी की उम्मीद थी, लेकिन इसके विपरीत थोक बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी जारी है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में चीनी की औसत थोक कीमत 1 अगस्त को 4,593.62 रुपये प्रति क्विंटल थी, जो बढ़कर 26 अगस्त को 6,036 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। 25 अगस्त को औसत थोक कीमत 5,923.88 रुपये, 24 अगस्त को 5,829.94 रुपये, 23 अगस्त को 5,866.67 रुपये, 22 अगस्त को 5,617.53 रुपये, 21 अगस्त को 5,381.39 रुपये, 20 अगस्त को 5,153.72 रुपये और 19 अगस्त को 5,004.59 रुपये प्रति क्विंटल थी।

खुदरा कीमतें भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। इसके चलते कुछ राज्य सरकारें सब्सिडी वाले भाव पर चीनी बिक्री करने पर विचार कर रही हैं। एक वरिष्ठ चीनी व्यापारी ने कहा कि सरकार को जनवरी में चीनी उत्पादन में गिरावट शुरू होने के समय ही कदम उठाना चाहिए था, न कि सीजन के अंत तक इंतजार करना चाहिए। व्यापारी के अनुसार, जब तक आयातित चीनी वास्तव में घरेलू बाजार में नहीं पहुंचती, तब तक कीमतों में तेजी का रुख बने रहने की संभावना है।

2025-26 में उत्पादन और खपत का अनुमान

इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के अनुमान के अनुसार, 2025-26 में देश में घरेलू चीनी खपत करीब 285 लाख टन और चीनी उत्पादन करीब 279 लाख टन रहने का अनुमान है। इसमें लगभग 30 लाख टन चीनी एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट की गई मात्रा शामिल नहीं है।30 सितंबर तक देश में चीनी का क्लोजिंग स्टॉक करीब 36 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि 31 जुलाई को यह स्टॉक करीब 80 लाख टन था। यानी सीजन के अंत तक उपलब्ध स्टॉक में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।

Bioenergy Times

3 COMMENTS

  1. जब तक गन्ना मूल्य मैं बढ़ोतरी नहीं होगी तब तक चीनी महंगी रहेगी गन्ना का मूल्य कम से कम 550 रुपया होना चाहिए

  2. सरकार को चीनी का रेट नियंत्रित करने के लिए विशेष रूप से कार्य करना चाहिए नहीं तो आने वाले सीजन में सरकार पर किसानों का गन्ने के रेट अधिकतम बढ़ाने का दबाव पड़ सकता है और इसका असर आने वाले चुनाव पर भी पड़ेगा अतः सरकार को बड़ा ही सोच समझ कर कदम उठाना चाहिए

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here