थोक उपभोक्ताओं की चिंताओं के बावजूद सरकार चीनी स्टॉक सीमा के फैसले पर कायम

पुणे : सरकार ने बिस्कुट और ब्रेड निर्माताओं की निर्धारित सीमा से अधिक रखे गए चीनी के स्टॉक को खत्म करने के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग को खारिज कर दिया है। सरकार ने उन्हें 31 अगस्त तक अतिरिक्त चीनी स्टॉक बेचने का निर्देश दिया है। यह जानकारी द इकोनॉमिक टाइम्स ने दी है। थोक चीनी उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक रखने की सीमा हाल ही में उनकी सामान्य आवश्यकता के 30 दिनों से घटाकर 15 दिन कर दी गई है।

खाद्य सचिव के साथ हुई बैठक में देश की कुछ बड़ी कंपनियों ने कहा कि, मौजूदा स्टॉक को अभी बेचकर बाद में बाजार से चीनी खरीदने पर कीमतों में तेज वृद्धि हो सकती है। कंपनियों ने यह चिंता भी जताई कि, यदि चीनी की उपलब्धता कम होती है तो निर्यात ऑर्डर पूरा करने में परेशानी हो सकती है। व्यापार अधिकारियों के अनुसार, 31 अगस्त तक अतिरिक्त चीनी स्टॉक बाजार में जारी करने से चीनी की कीमतों में उल्लेखनीय कमी आ सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार का यह फैसला इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि बल्क उपभोक्ताओं ने बड़ी मात्रा में चीनी का स्टॉक जमा कर रखा है। हालांकि, उपभोक्ताओं ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि वे चीनी का भंडारण अपनी उत्पादन जरूरतों के अनुसार करते हैं, न कि दोबारा बिक्री या सट्टेबाजी के लिए।एक सूचीबद्ध बिस्कुट निर्माता कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि, कंपनी अपनी उत्पादन जरूरतों के आधार पर मौसमी रूप से चीनी का स्टॉक रखती है। अधिकारी के मुताबिक, कंपनी यह साबित कर सकती है कि खरीदी गई चीनी का प्रत्येक किलोग्राम बिस्कुट, कैंडी और अन्य खाद्य उत्पाद बनाने में इस्तेमाल किया गया है।

अधिकारी ने यह भी कहा कि, पहले से सुरक्षित किए गए चीनी स्टॉक को बेचने से बाद में बाजार में खरीदारी का दबाव बढ़ सकता है। उनके अनुसार, यदि कंपनी अभी अपने सुरक्षित स्टॉक को बेच देती है, तो 15 दिन बाद उसे बाजार से बड़ी मात्रा में चीनी खरीदनी पड़ेगी, जिससे कीमतों पर फिर से ऊपर की ओर दबाव बन सकता है।

कुछ एफएमसीजी कंपनियों ने सरकार के कदम का किया स्वागत

कुछ फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) कंपनियों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की तुलना में कीमतों में उतार-चढ़ाव कम होना उनके कारोबार के लिए अधिक फायदेमंद होगा। पारले के मुख्य विपणन अधिकारी मयंक शाह ने कहा कि, कंपनी सरकार के नियमों के अनुसार ही चीनी का स्टॉक रखती है। उन्होंने कहा कि, कंपनी की चीनी की आवश्यकता बहुत अधिक है, इसलिए चाहने के बावजूद वह इससे ज्यादा स्टॉक नहीं रख सकती। शाह के अनुसार, सरकार की कार्रवाई के बाद चीनी की कीमतों में गिरावट आई है और इससे सट्टेबाजी के कारण होने वाली खरीदारी से निपटने में मदद मिलेगी।

3-4 लाख टन अतिरिक्त चीनी बाजार में आने की संभावना

उद्योग को उम्मीद है कि, यदि थोक उपभोक्ता संशोधित स्टॉक सीमा का पालन करते हैं, तो चीनी की कीमतों में और गिरावट आ सकती है। चीनी उद्योग के वरिष्ठ विश्लेषक जी.के. सूद के अनुसार, यदि थोक उपभोक्ता निर्धारित सीमा से अधिक रखा गया स्टॉक बाजार में बेचते हैं, तो लगभग 3-4 लाख टन अतिरिक्त चीनी बाजार में आ सकती है। हालांकि, कुछ विश्लेषकों का कहना है कि बहुराष्ट्रीय एफएमसीजी और फार्मास्युटिकल कंपनियों को समय पर चीनी उपलब्ध कराने में परेशानी हो सकती है। इन कंपनियों को अक्सर स्वीकृत चीनी मिलों से विशेष ग्रेड की चीनी की आवश्यकता होती है।

ISMA ने आरोप लगाया था कि, व्यापारियों और थोक उपभोक्ताओं ने सट्टेबाजी के उद्देश्य से चीनी की खरीद की, जिससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हुई। हालांकि, जी.के. सूद ने उपभोक्ताओं को जिम्मेदार ठहराने के लिए उद्योग संगठन की आलोचना की और कहा कि इस तरह का रवैया व्यापार नैतिकता के अनुरूप नहीं है। इस बीच, पश्चिम बंगाल में चीनी व्यापारियों के ठिकानों पर हुई छापेमारी को लेकर व्यापारियों और चीनी व्यापार से जुड़े अन्य लोगों में चिंता बढ़ गई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here