जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख गेहूं उत्पादक क्षेत्र स्वार्टलैंड में बारिश की भारी कमी के कारण इस साल गेहूं की फसल प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों के संगठन ग्रेन एसए (GrainSA) ने कहा कि, कम बारिश से इस साल का गेहूं उत्पादन और घट सकता है। संगठन ने सरकार से किसानों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।दुनियाभर में कई किसान सूखे जैसी परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। इसके चलते खाद्य पदार्थों की कीमतों में महंगाई बढ़ने और कुछ क्षेत्रों में खाद्य आपूर्ति की कमी की आशंका जताई जा रही है। दक्षिण अफ्रीका के कुल गेहूं उत्पादन में करीब 20 प्रतिशत योगदान देने वाले स्वार्टलैंड क्षेत्र में जून से अगस्त के बीच सर्दियों के महीनों में सामान्य 10-वर्षीय औसत की तुलना में 79 प्रतिशत कम बारिश हुई है। ग्रेन एसए ने एक बयान में यह जानकारी दी।
25 से 30 फीसदी फसल क्षमता पहले ही प्रभावित होने का अनुमान
ग्रेन एसए ने कहा कि, गेहूं उत्पादक किसानों के सामने एक और बेहद चुनौतीपूर्ण उत्पादन सीजन है। कुछ किसानों का अनुमान है कि फसल की संभावित क्षमता का 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा पहले ही प्रभावित हो चुका है। यह नुकसान पहले से घटे हुए गेहूं बुवाई क्षेत्र के अतिरिक्त है। ग्रेन एसए के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका में गेहूं की खेती का क्षेत्रफल 97 वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। विश्लेषकों का कहना है कि, खराब मौसम के कारण किसानों ने गेहूं की बुवाई कम की। वहीं, कुछ किसानों ने गेहूं के बजाय अधिक मुनाफा देने वाली फसलों का रुख किया, क्योंकि उत्पादन लागत में वृद्धि अनाज की कीमतों की तुलना में तेज रही है। दक्षिण अफ्रीका की सरकारी क्रॉप एस्टिमेट्स कमेटी ने गुरुवार को अनुमान जताया कि 2026 में देश का गेहूं उत्पादन 8 प्रतिशत घटकर 17.6 लाख मीट्रिक टन रह सकता है।
वेस्टर्न केप में भी गेहूं उत्पादन घटने की आशंका
वेस्टर्न केप प्रांत, जहां स्वार्टलैंड स्थित है, में इस साल गेहूं की खेती का क्षेत्रफल 9 प्रतिशत घटा है। अनुमान है कि 2026 में इस प्रांत का गेहूं उत्पादन 2025 की तुलना में 11 प्रतिशत कम रह सकता है। दक्षिण अफ्रीका में हर साल करीब 20 लाख टन गेहूं का उत्पादन होता है और घरेलू खपत की जरूरत पूरी करने के लिए लगभग इतनी ही मात्रा में गेहूं का आयात भी किया जाता है। देश में अधिकांश गेहूं की बुवाई सर्दियों के मौसम में की जाती है। वेस्टर्न केप दक्षिण अफ्रीका का प्रमुख गेहूं उत्पादक क्षेत्र है। यह क्षेत्र सर्दियों में होने वाली बारिश पर काफी निर्भर है और देश के कुल गेहूं उत्पादन का बड़ा हिस्सा यहीं से आता है।


















