गांधीनगर : गुजरात सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत सितंबर 2026 में चीनी और अन्य आवश्यक वस्तुओं के वितरण के लिए उचित मूल्य दुकानदारों द्वारा चालान जमा करने की समयसीमा 3 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी है। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमणभाई सोलंकी ने सोमवार को यह जानकारी दी।मंत्री सोलंकी ने बताया कि, आगामी त्योहारों को देखते हुए राज्य सरकार ने अंत्योदय और बीपीएल राशन कार्डधारकों को पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध कराने के लिए पहले से ही आवश्यक व्यवस्था की है।
पीडीएस के तहत अंत्योदय और बीपीएल राशन कार्डधारकों को उनके परिवार में सदस्यों की संख्या के आधार पर चीनी वितरित की जाती है। अंत्योदय कार्डधारकों को चीनी 15 रुपये प्रति किलोग्राम, जबकि बीपीएल कार्डधारकों को 22 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर उपलब्ध कराई जा रही है। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने अगस्त 2026 में ही सितंबर की जरूरत को देखते हुए एक महीने पहले चीनी का अग्रिम आवंटन कर दिया था। मंत्री के अनुसार, अब तक राज्यभर में लाभार्थियों को कुल 7,100 मीट्रिक टन चीनी वितरित की जा चुकी है।
सितंबर 2026 के लिए सरकार ने अतिरिक्त 4,500 मीट्रिक टन चीनी का आवंटन किया है। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान पात्र परिवारों को उनकी जरूरत के अनुसार समय पर चीनी उपलब्ध कराना है। चालान जमा करने की समयसीमा बढ़ाए जाने से उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से चीनी का वितरण सुचारु बनाए रखने और पात्र लाभार्थियों को इसकी निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। कई मामलों में चीनी मिलों के पास उनके द्वारा सरकार को मासिक रिटर्न में घोषित मात्रा से अधिक स्टॉक पाया गया। इसके अलावा कुछ मिलों द्वारा मासिक कोटा प्रणाली के तहत आवंटित मात्रा से कम चीनी बेचने यानी ‘शॉर्ट सेलिंग’ के मामले भी सामने आए।


















