नई दिल्ली : केंद्र सरकार द्वारा चीनी व्यापारियों के लिए स्टॉक रखने की सीमा घटाकर 2,000 क्विंटल किए जाने के बाद मंगलवार को चीनी कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली। घरेलू बाजार में चीनी की ऊंची कीमतों के बीच सरकार ने जमाखोरी और सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के प्रयास और तेज कर दिए हैं। चीनी कंपनियों के शेयरों में गिरावट की अगुवाई द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज ने की। कंपनी का शेयर 7.02 प्रतिशत गिरकर 48.74 रुपये पर आ गया। वहीं त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज का शेयर 5.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 278.60 रुपये और उत्तम शुगर मिल्स का शेयर 5.15 प्रतिशत गिरकर 296 रुपये पर पहुंच गया।
प्रमुख चीनी कंपनियों के शेयर भी दबाव में
अन्य प्रमुख चीनी कंपनियों के शेयरों में भी बिकवाली का दबाव देखने को मिला। दलमिया भारत शुगर के शेयर में 4.53 प्रतिशत और बलरामपुर चीनी मिल्स में 4.40 प्रतिशत की गिरावट आई।इसी तरह अवध शुगर एंड एनर्जी का शेयर 4.13 प्रतिशत, धामपुर शुगर मिल्स 3.46 प्रतिशत और श्री रेणुका शुगर्स 2.93 प्रतिशत नीचे आया। इसके अलावा बजाज हिंदुस्तान शुगर के शेयर में 2.85 प्रतिशत और सिंभावली शुगर्स में 1.90 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। ईआईडी पैरी का शेयर भी 0.91 प्रतिशत कमजोर हुआ।सरकार द्वारा चीनी के स्टॉक पर सख्ती किए जाने को बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने, जमाखोरी रोकने और कीमतों में स्थिरता लाने की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इन उपायों का असर फिलहाल चीनी कंपनियों के शेयरों पर नकारात्मक रूप से दिखाई दे रहा है।

















