लातूर: महाराष्ट्र सरकार को मराठवाड़ा में तत्काल कृत्रिम बारिश (Artificial Rainfall) का प्रयोग करना चाहिए। पूर्व विधायक धीरज देशमुख ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी एक वीडियो के माध्यम से यह मांग की है। सरकारनामा की रिपोर्ट के अनुसार, देशमुख ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है। देशमुख ने कहा कि, मानसून के तीन महीने बीतने के बावजूद मराठवाड़ा के कई हिस्सों में अब तक संतोषजनक बारिश नहीं हुई है। कई क्षेत्रों में फसलों के खराब होने की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे किसान चिंतित हैं और बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
स्थिति को और चिंताजनक बनाते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सितंबर में सामान्य से कम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। ऐसे में देशमुख ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार से कम बारिश वाले महाराष्ट्र के क्षेत्रों में कृत्रिम बारिश का प्रयोग कराने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि, पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान संकट में हैं और फसलों को नुकसान होने का खतरा बढ़ गया है। सरकार को केवल बारिश होने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि उपलब्ध वैज्ञानिक और तकनीकी विकल्पों की तत्काल पड़ताल करनी चाहिए। देशमुख ने कहा कि, कृत्रिम बारिश का प्रयोग बारिश होने की गारंटी नहीं दे सकता, लेकिन इससे किसानों को कुछ राहत मिलने की संभावना जरूर है।
उन्होंने सुझाव दिया कि, मानसून के बचे हुए दिनों में ही यह प्रयोग किया जाना चाहिए, क्योंकि इस दौरान अनुकूल मौसम और बादलों की स्थिति उपलब्ध हो सकती है। देशमुख ने कहा, “किसान संकट में हैं और हर वैज्ञानिक विकल्प पर विचार किया जाना चाहिए। अब समय आ गया है कि हम साबित करें कि हम किसानों के साथ मजबूती से खड़े हैं।”

















