केंद्र का गन्ने की पेराई जल्द शुरू करने पर जोर, चीनी मिलों ने शुरुआती पेराई से होने वाले नुकसान के लिए विशेष सब्सिडी की मांग की

नई दिल्ली : घरेलू मांग की तुलना में देश में करीब 30-40 लाख टन अतिरिक्त चीनी उपलब्ध होने के बावजूद केंद्र सरकार चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने के प्रयास तेज कर रही है। ‘अॅग्रोवन’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक सरकारों से 2026-27 का गन्ना पेराई सीजन जल्द शुरू करने का आग्रह किया है। हालांकि, चीनी मिलों ने समय से पहले पेराई शुरू करने से होने वाले संभावित नुकसान की भरपाई के लिए विशेष सब्सिडी की मांग की है। चीनी की एक्स-मिल कीमतें धीरे-धीरे बढ़कर करीब 68 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थीं, जिसके चलते खुदरा बाजार में कीमत करीब 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। इसके बाद केंद्र सरकार ने कीमतों पर नियंत्रण के लिए कई कदम उठाए। इन उपायों के बाद एक्स-मिल चीनी की कीमत अब घटकर करीब 41 रुपये प्रति किलो रह गई है। हालांकि, सरकार कीमतों में और कमी लाने के लिए अभी भी विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है।

सितंबर के अंत तक करीब 35 लाख टन स्टॉक रहने का अनुमान

ChiniMandi WhatsApp Channel

भारत ने पिछले वर्ष करीब 280 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था और सीजन की शुरुआत करीब 50 लाख टन के शुरुआती स्टॉक के साथ की थी। देश में घरेलू खपत भी करीब 280 लाख टन रहने का अनुमान है। ऐसे में 30 सितंबर तक देश में करीब 35 लाख टन चीनी का स्टॉक बचने की संभावना है। केंद्र सरकार चाहती है कि मौजूदा स्टॉक पूरी तरह समाप्त होने से पहले ही नई चीनी बाजार में पहुंचने लगे, ताकि आपूर्ति में किसी तरह की कमी न आए और कीमतों पर नियंत्रण बना रहे। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक मिलकर देश के कुल चीनी उत्पादन का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा देते हैं। इसी कारण केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र भेजकर 2026-27 के गन्ना पेराई सीजन को समय से पहले शुरू करने का आग्रह किया है। केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण सचिव संजीव चोपड़ा ने 8 सितंबर को नई दिल्ली में चीनी उद्योग के साथ बैठक भी बुलाई है। बैठक में तीनों राज्यों के सचिवों को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

20 से 25 अक्टूबर के बीच पेराई शुरू करने पर विचार

वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (WISMA) के अध्यक्ष बी. बी. ठोंबरे ने दैनिक ‘अॅग्रोवन’ के साथ बातचीत में बताया कि, केंद्र सरकार अक्टूबर के मध्य के आसपास गन्ने की पेराई शुरू करने पर जोर दे रही है। हालांकि, गन्ना कटाई के लिए मजदूरों की उपलब्धता अभी भी बड़ी चुनौती है। आमतौर पर मजदूर दिवाली के बाद ही गन्ना कटाई के लिए पहुंचते हैं। चीनी मिलें परंपरागत रूप से करीब 15 नवंबर से पेराई शुरू करती हैं। हालांकि, इस वर्ष उद्योग 20 से 25 अक्टूबर के बीच पेराई शुरू करने की संभावना पर विचार कर रहा है। ठोंबरे के अनुसार, समय से पहले गन्ने की पेराई शुरू करने से मिलों में चीनी की रिकवरी करीब 1.5 प्रतिशत अंक तक कम हो सकती है। इसके अलावा किसानों से प्राप्त गन्ने के वजन में भी 10-15 प्रतिशत तक कमी आ सकती है। उन्होंने कहा कि इसलिए 15 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच पेराई किए जाने वाले गन्ने के लिए केंद्र सरकार को विशेष आर्थिक सहायता देनी चाहिए।

मिलों और किसानों के लिए विशेष सब्सिडी की मांग

चीनी उद्योग 8 सितंबर की बैठक में केंद्र सरकार के समक्ष चीनी मिलों के लिए 500 रुपये प्रति टन और गन्ना किसानों को सीधे 300 रुपये प्रति टन की विशेष सब्सिडी देने की मांग रखने की तैयारी में है। इस बीच, केंद्र सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात को मंजूरी दी है। शुरुआती दौर में प्राप्त आवेदनों में करीब 8 लाख टन की ही मांग सामने आने के बाद शेष कोटे के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सरकार ने व्यापारियों के लिए चीनी का अनुमत स्टॉक रखने की सीमा भी 400 टन से घटाकर 200 टन कर दी है।

चीनी स्टॉक की निगरानी बढ़ी

इन उपायों के बावजूद चीनी की कीमतों में उम्मीद के मुताबिक गिरावट नहीं आई है। अब केंद्रीय एजेंसियां चीनी मिलों द्वारा व्यापारियों को की गई बिक्री की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाजार में उपलब्ध स्टॉक आखिर कहां रखा गया है। केंद्र सरकार ने इससे पहले मिलों से 17 से 19 अगस्त के बीच व्यापारियों को बेची गई चीनी का विवरण मांगा था। इसके बाद 21 से 25 अगस्त की बिक्री का डेटा भी मांगा गया। अब सरकार ने चीनी मिलों को 20 से 31 अगस्त के बीच हुई चीनी बिक्री का पूरा विवरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य चीनी के स्टॉक की निगरानी करना और बाजार में कीमतों को नियंत्रित करना है।

Bioenergy Times

1 COMMENT

  1. गन्ने की कीमत कम से कम 650 रुपये प्रति कुंतल होनी चाहिए

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here