चेन्नई : चीनी की बढ़ती कीमतों से पेय और बेकरी कारोबार पर असर;त्योहारी सीजन से पहले बढ़ाए दाम

चेन्नई : चीनी की कीमतों में हालिया तेजी का असर अब चेन्नई के खाद्य और पेय कारोबार पर दिखाई देने लगा है। बेकरी और जूस दुकानदार कीमतें बढ़ा रहे हैं या बढ़ोतरी की तैयारी कर रहे हैं, जबकि चाय की दुकानों और कुछ कैफे संचालकों ने त्योहारी सीजन से पहले बढ़ी लागत का बोझ फिलहाल खुद उठाने का फैसला किया है। अलंदूर के एक बेकरी संचालक ने बताया कि आने वाले दिनों में केक और मिठाइयों की कीमतों में संशोधन की तैयारी की जा रही है। हालांकि, कितनी बढ़ोतरी की जाएगी, यह अभी तय नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि कुछ ही हफ्तों में 25 किलो चीनी की बोरी की कीमत करीब 1,000 रुपये से बढ़कर 1,500 रुपये हो गई है। ऐसे में पूरी अतिरिक्त लागत को कारोबार पर डालना मुश्किल हो रहा है।

जूस की कीमतों में 5 से 10 रुपये तक बढ़ोतरी

ChiniMandi WhatsApp Channel

कुछ जूस दुकानों पर चीनी की महंगाई का असर पहले ही दिखाई देने लगा है। चेतपेट की एक दुकान ने चीनी की बढ़ी कीमत का हवाला देते हुए फिलहाल प्रति जूस 5 रुपये की बढ़ोतरी की है। आदंबक्कम स्थित एक जूस आउटलेट ने भी प्रति सर्विंग 5 रुपये दाम बढ़ाए हैं। आउटलेट के संचालक लोगेश ने बताया कि, ग्राहकों को ऑर्डर देने से पहले संशोधित कीमत की जानकारी दी जा रही है। उरापक्कम में ताजा जूस का कारोबार करने वाले दुकानदार भी बढ़ी लागत से प्रभावित हुए हैं। संचालक चंद्रशेखर एस ने बताया कि बादाम मिल्क, फ्रूट मिक्सर और रोज मिल्क की कीमतों में 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि ताजा जूस अब करीब 10 रुपये महंगा हो गया है। करीब 15 दिन पहले की तुलना में उनकी रोजाना चीनी पर होने वाली लागत भी लगभग 250 रुपये से बढ़कर 300 रुपये हो गई है।

कुछ कैफे और चाय की दुकानों ने कीमतें नहीं बढ़ाईं

हालांकि, चीनी की बढ़ी कीमतों का असर सभी दुकानों पर एक जैसा नहीं पड़ा है। उरापक्कम के एक कैफे संचालक ने बताया कि फिलहाल जूस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बढ़ी लागत को संभालने के लिए कैफे में ब्राउन शुगर को विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, क्योंकि इसकी कीमत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। चाय की दुकानों ने भी बड़े पैमाने पर अपनी कीमतें स्थिर रखी हैं। नंगनल्लूर के एक चाय दुकान संचालक ने बताया कि फिलहाल चाय, कॉफी या अन्य पेय पदार्थों के दाम बढ़ाने की कोई योजना नहीं है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here