पुणे : वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (WISMA) ने महाराष्ट्र की निजी चीनी मिलों के लिए तत्काल वित्तीय सहायता की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि, 2026-27 का गन्ना पेराई सीजन 15 अक्टूबर से शुरू करने के फैसले से चीनी मिलों के साथ-साथ गन्ना किसानों को भी भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। ‘विस्मा’ के अध्यक्ष बी. बी. ठोंबरे ने मुंबई में 9 सितंबर 2026 को होने वाली मंत्री समिति की बैठक से पहले चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते को अपनी मांगों और समस्याओं से संबंधित निवेदन सौंपा है। संगठन ने गन्ने की उपलब्धता, समय से पहले पेराई, बढ़ती उत्पादन लागत और सरकार की ओर से लंबित भुगतानों सहित कई मुद्दे उठाए हैं।
कम बारिश से गन्ने की उपलब्धता पर असर
‘विस्मा’ के अनुसार, वर्ष 2025-26 के दौरान महाराष्ट्र में अच्छी बारिश हुई थी, जिसके चलते करीब 14 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती को समर्थन मिला। हालांकि, इस वर्ष कम बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं।नए गन्ने की बुवाई में कमी आई है, जबकि खड़ी फसल में खोड़वा (रैटून गन्ने) की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत है। ऐसे में संगठन को आगामी सीजन में गन्ने और चीनी, दोनों के उत्पादन में गिरावट की आशंका है।महाराष्ट्र की चीनी मिलों की कुल दैनिक गन्ना पेराई क्षमता करीब 10.4 लाख टन है। WISMA को आशंका है कि गन्ने की कम उपलब्धता और 15 अक्टूबर से पेराई शुरू होने के कारण प्रभावी पेराई अवधि 100 दिनों से भी कम रह सकती है। इससे मिलों पर वित्तीय दबाव और बढ़ेगा।
समय से पहले गन्ना पेराई से रिकवरी घटने का खतरा
‘विस्मा’ ने पूरी तरह परिपक्व होने से पहले गन्ने की पेराई शुरू करने को लेकर विशेष चिंता जताई है। महाराष्ट्र में सामान्य तौर पर गन्ना नवंबर के मध्य तक पूरी तरह परिपक्व होता है। वहीं, केंद्र सरकार ने त्योहारी अवधि के दौरान चीनी की उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से मिलों को 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने का निर्देश दिया है। ‘विस्मा’ का अनुमान है कि, 15 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच अपरिपक्व गन्ने की पेराई करने पर चीनी रिकवरी में करीब 1 से 1.5 प्रतिशत की कमी आ सकती है। इससे मिलों को लगभग 450 से 500 रुपये प्रति टन का नुकसान हो सकता है।
अपरिपक्व गन्ने का वजन भी सामान्य गन्ने की तुलना में करीब 10 से 12 प्रतिशत कम हो सकता है। इससे किसानों को लगभग 300 से 350 रुपये प्रति टन का नुकसान होने की आशंका है। इस तरह मिलों और किसानों को मिलाकर कुल नुकसान करीब 750 से 800 रुपये प्रति टन तक पहुंच सकता है। इसलिए ‘विस्मा’ ने 15 नवंबर से पहले पेराई किए जाने वाले प्रत्येक टन गन्ने पर राज्य और केंद्र सरकार से 750 रुपये प्रति टन की वित्तीय सहायता देने की मांग की है।
चीनी कीमतों में गिरावट से भी बढ़ा दबाव
एसोसिएशन ने चीनी की गिरती कीमतों और बढ़ती उत्पादन लागत का मुद्दा भी उठाया है। अगस्त की शुरुआत में कुछ समय के लिए बढ़ने के बाद सरकारी उपायों और 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात के फैसले के बाद एक्स-फैक्टरी चीनी कीमत घटकर करीब 4,400 रुपये प्रति क्विंटल रह गई।इसी दौरान मिलों को 10.25 प्रतिशत रिकवरी पर 3,650 रुपये प्रति टन एफआरपी का भुगतान करना पड़ रहा है। इसके अलावा गन्ना कटाई श्रमिक संगठनों ने मजदूरी में 80 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग की है। किसान संगठनों की ओर से भी गन्ने के लिए अधिक भुगतान की मांग की जा रही है।
निजी और सहकारी मिलों के लिए समान सहायता की मांग
WISMA ने महाराष्ट्र में निजी और सहकारी चीनी मिलों के साथ समान व्यवहार किए जाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि केंद्र सरकार दोनों क्षेत्रों के लिए समान नीति अपनाती है, लेकिन राज्य स्तर पर निजी मिलों को सहकारी मिलों के समान वित्तीय सहायता उपलब्ध नहीं हो रही है।एसोसिएशन ने सॉफ्ट लोन 2015 योजना के तहत वर्ष 2016-17, 2017-18 और 2018-19 के लिए 27 निजी चीनी मिलों की लंबित 492 करोड़ रुपये की ब्याज सब्सिडी जारी करने की मांग की है।राज्य सरकार ने 31 मार्च 2019 के आदेश के जरिए सहकारी मिलों को वादा की गई सहायता जारी कर दी थी, लेकिन निजी मिलों को मिलने वाली राशि अभी तक लंबित है।
2010-11 के अतिरिक्त गन्ने की पेराई का 8.45 करोड़ रुपये भुगतान लंबित
‘विस्मा’ ने आठ निजी चीनी मिलों को 8.45 करोड़ रुपये का भुगतान करने की भी मांग की है। यह राशि 2010-11 के अधिशेष गन्ना सीजन के दौरान अतिरिक्त परिवहन लागत और चीनी रिकवरी में हुए नुकसान से संबंधित है। एसोसिएशन के अनुसार, सरकारी निर्देशों के बाद इन मिलों ने अपने निर्धारित क्षेत्रों से बाहर जाकर अतिरिक्त गन्ने की पेराई की थी और सीजन के अंत तक मिलों का संचालन जारी रखा था। WISMA ने कहा कि बॉम्बे हाईकोर्ट की औरंगाबाद पीठ ने निर्णय संख्या 1602/2014 के माध्यम से संबंधित राशि की प्रतिपूर्ति का निर्देश दिया था। इसके बावजूद एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह भुगतान लंबित है।
नए पेराई सीजन से पहले सरकार से समाधान की मांग
WISMA ने राज्य सरकार से इन सभी मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि आगामी पेराई सीजन से पहले निजी और सहकारी चीनी मिलों को वित्तीय सहायता तथा सरकारी नीतियों का समान लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। एसोसिएशन के अनुसार, समय से पहले गन्ना पेराई से होने वाले संभावित नुकसान की भरपाई, लंबित सब्सिडी और भुगतान जारी करने तथा निजी मिलों के साथ समान व्यवहार से ही महाराष्ट्र के चीनी उद्योग पर बढ़ते वित्तीय दबाव को कम किया जा सकता है।


















