महाराष्ट्र में चीनी सीजन करने को लेकर सस्पेंस बरकरार, कल मंत्री समिति की बैठक में होगा फैसला

कोल्हापुर : देश में चीनी की संभावित कमी और बढ़ते दामों के बीच इस वर्ष महाराष्ट्र में चीनी मिलों का पेराई सीजन अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी चल रही है। हालांकि, इससे किसानों और चीनी मिलों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताते हुए वेस्टर्न इंडिया शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) ने सीजन जल्द शुरू करने का विरोध किया है। ऐसे में इस वर्ष चीनी सीजन 15 अक्टूबर से शुरू होगा या नवंबर से, इसका फैसला कल (9 सितंबर) मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली मंत्री समिति की बैठक में होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री फडणवीस की अध्यक्षता में मंत्री समिति की बैठक

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस वर्ष के चीनी सीजन की नीति तय करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में कल मंत्री समिति की बैठक होगी। केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार 15 अक्टूबर से गन्ने की पेराई शुरू करने का निर्णय लिए जाने की संभावना है। इसके पीछे चीनी की संभावित कमी और बढ़ते दामों को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। हालांकि, पिछले वर्ष की तुलना में इस साल गन्ने की उपलब्धता से लेकर चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति तक कई चुनौतियां सामने हैं। इसी वजह से चीनी उद्योग से जुड़े संगठनों ने अक्टूबर में ही पेराई शुरू करने का विरोध किया है।

इस वर्ष गन्ने की उपलब्धता पर असर की आशंका

पिछले वर्ष राज्य में अच्छी बारिश होने के कारण करीब 14 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी थीं, लेकिन इस वर्ष बारिश कम होने के कारण नए गन्ने की बुवाई का क्षेत्र घटा है। वर्तमान में राज्य के कुल गन्ना क्षेत्र में करीब 60 प्रतिशत गन्ना खोडवा (पिछली फसल से दोबारा उगने वाला गन्ना) है। इसके चलते इस वर्ष गन्ने के साथ-साथ चीनी उत्पादन में भी कमी आने की संभावना जताई जा रही है।राज्य की चीनी मिलों की संयुक्त दैनिक पेराई क्षमता करीब 10.4 लाख टन है। लेकिन गन्ने की उपलब्धता कम रहने की स्थिति में यदि 15 अक्टूबर से पेराई शुरू की जाती है, तो वास्तविक पेराई सीजन की अवधि 100 दिनों से भी कम हो सकती है। इससे चीनी मिलों पर आर्थिक दबाव और बढ़ने की आशंका चीनी उद्योग की ओर से जताई जा रही है।

अपरिपक्व गन्ने की पेराई से रिकवरी घटने का डर

महाराष्ट्र में सामान्यतः गन्ना नवंबर के मध्य तक पूरी तरह पकता है। इससे पहले, यानी 15 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच अपरिपक्व गन्ने की पेराई करने पर चीनी रिकवरी में 1 से 1.5 प्रतिशत तक की कमी आने की संभावना है। इससे चीनी मिलों को प्रति टन करीब 450 से 500 रुपये का नुकसान हो सकता है। वहीं, सीजन जल्द शुरू करने पर मिलों को प्रति टन 750 से 800 रुपये तक का आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। इसलिए 15 नवंबर से पहले पेराई किए जाने वाले गन्ने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से प्रति टन 750 रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग विस्मा ने की है।

चीनी के दाम में भी आई गिरावट

अगस्त की शुरुआत में चीनी के एक्स-फैक्टरी दाम में कुछ समय के लिए तेजी आई थी। हालांकि, केंद्र सरकार की विभिन्न उपाययोजनाओं और 10 लाख टन कच्ची चीनी आयात करने के फैसले के बाद चीनी के दाम में गिरावट आई है। इसके अलावा एफआरपी और गन्ना कटाई मजदूरी में हुई बढ़ोतरी को देखते हुए इस वर्ष चीनी मिलों की उत्पादन लागत में और वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में चीनी सीजन जल्द शुरू किया जाए या गन्ना पूरी तरह पकने तक इंतजार किया जाए, इसका फैसला मंत्री समिति की बैठक में होनेवाला है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here