मोहाली : चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर पिछले एक सप्ताह से चल रहा किसानों का आंदोलन सोमवार को समाप्त हो गया। पंजाब सरकार द्वारा गन्ने के दाम और निजी चीनी मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान समेत किसानों की विभिन्न मांगों पर लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद किसान संगठनों ने अपना धरना समाप्त करने का फैसला किया।द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े 24 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां तथा स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह के बीच हुई बैठक में कई मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन स्थल पर लगाए गए धरना शिविर हटाकर अपने-अपने जिलों में लौटने का निर्णय लिया।
गन्ने के दाम और बकाया भुगतान पर सरकार का आश्वासन
गन्ने के मुद्दे पर पंजाब सरकार ने कहा कि, राज्य में किसानों को देश में सबसे अधिक गन्ना मूल्य दिया जा रहा है और मौजूदा मूल्य स्तर को जारी रखा जाएगा। गन्ने का मूल्य तय करने से संबंधित जरूरी फाइलें भी तत्काल प्रस्तुत करने के लिए मंगाई गई हैं। सरकार ने निजी चीनी मिलों पर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को समयबद्ध तरीके से चुकाने का भी आश्वासन दिया। इसके साथ ही निजी चीनी मिलों में सहकारी चीनी मिलों की तर्ज पर ‘वन विंडो, वन पेमेंट’ व्यवस्था लागू करने पर भी सहमति जताई गई। किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल को प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन वापस लेने की घोषणा की गई।
एक महीने के भीतर विधानसभा का सत्र बुलाने का आश्वासन
सरकार के लिखित आश्वासन के अनुसार, पंजाब विधानसभा का सत्र एक महीने के भीतर बुलाया जाएगा। इसमें किसानों और संगठनों से जुड़े कई मुद्दों पर प्रस्ताव पारित कर उन्हें केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। इनमें पंजाब पुनर्गठन अधिनियम की धारा 78, 79 और 80 को समाप्त करने की मांग से संबंधित प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा नदी के पानी के बंटवारे का निर्धारण रिपेरियन सिद्धांत के आधार पर करने की मांग भी विधानसभा में उठाई जाएगी।
डैम सेफ्टी एक्ट और सीड बिल पर भी प्रस्ताव
पंजाब सरकार ने डैम सेफ्टी एक्ट को समाप्त करने और सीड बिल, 2025 को वापस लेने के विरोध में विधानसभा में प्रस्ताव लाने पर भी सहमति जताई है। विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इन्हें केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
किसानों के कर्ज की जांच के लिए विधानसभा समिति
किसानों की कर्जमाफी और कर्ज से जुड़े मुद्दों पर सरकार ने अन्य राजनीतिक दलों से चर्चा के बाद विधानसभा की एक समिति गठित करने का आश्वासन दिया है। यह समिति पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव बैंकों, पंजाब स्टेट एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव बैंकों और सहकारी समितियों समेत विभिन्न सहकारी संस्थाओं से लिए गए किसानों के कर्ज की समीक्षा करेगी और आगे की कार्रवाई के लिए अपनी सिफारिशें देगी।
अन्य मांगों के लिए भी बनेगी अलग समिति
किसान संगठनों की अन्य मांगों पर विचार करने के लिए एक अलग समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया है। इस समिति में किसान संगठन अपने प्रतिनिधि नामित करेंगे, जबकि वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।सरकार ने किसानों को आश्वासन दिया कि, उनकी लंबित मांगों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी। सरकार की ओर से मिले लिखित आश्वासनों के बाद किसान संगठनों ने सप्ताहभर से जारी आंदोलन समाप्त कर दिया।


















