काठमांडू: दशैं और तिहार के त्योहारों से पहले नेपाल की राजधानी काठमांडू घाटी के कई इलाकों में चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। खुदरा बाजार में चीनी का भाव बढ़कर 140 नेपाली रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि करीब एक महीने पहले यह लगभग 110 रुपये प्रति किलो बिक रही थी। त्योहारी सीजन में घरों और कारोबारियों की ओर से चीनी की मांग बढ़ने की उम्मीद के बीच कीमतों में यह तेजी आई है।
नेपाल रिटेल ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पवित्र बज्राचार्य के मुताबिक, थोक विक्रेताओं ने एक महीने के भीतर चीनी की कीमत बढ़ाकर 125 रुपये प्रति किलो तक कर दी है। अगस्त के मध्य में चीनी करीब 110 रुपये प्रति किलो बिक रही थी। बज्राचार्य ने कीमत बढ़ने का मुख्य कारण चीनी की बढ़ी हुई आयात लागत और थोक विक्रेताओं एवं आपूर्तिकर्ताओं के बाजार प्रभाव को बताया। उनके अनुसार, थोक विक्रेता आयात कीमतों में बढ़ोतरी को इसका कारण बता रहे हैं। उन्होंने खुदरा कारोबारियों को कीमत बढ़ाने के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने से भी इनकार किया।
सरकारी दुकानों पर 105 रुपये किलो चीनी
इस बीच, साल्ट ट्रेडिंग कॉरपोरेशन (एसटीसी) अपने बिक्री केंद्रों के माध्यम से चीनी 105 रुपये प्रति किलो में बेच रहा है, जो खुले बाजार की कीमतों से काफी कम है।एसटीसी के सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी ब्रजेश झा के मुताबिक, पृथ्वी राजमार्ग के अवरुद्ध होने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके बाद एसटीसी ने प्रति उपभोक्ता चीनी की बिक्री सीमा 6 किलो से घटाकर 2 किलो कर दी है।
सरकार ने 25 हजार टन चीनी आयात की मंजूरी दी
चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों में और तेजी रोकने के लिए नेपाल सरकार ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव नेत्र प्रसाद सुबेदी के मुताबिक, सरकार ने बाजार में चीनी की आपूर्ति बढ़ाने के लिए विभिन्न उपाय किए हैं। मंत्रिमंडल ने 1 प्रतिशत रियायती सीमा शुल्क पर एसटीसी को 25,000 टन चीनी आयात करने की अनुमति दी है।सुबेदी ने बताया कि आयातित चीनी बाजार में पहुंचने तक घरेलू चीनी मिलों से प्राप्त करीब 15,000 टन चीनी को एसटीसी और फूड मैनेजमेंट एंड ट्रेडिंग कंपनी जैसी सार्वजनिक संस्थाओं के माध्यम से बेचने की योजना बनाई गई है। सरकार को उम्मीद है कि सार्वजनिक संस्थाओं के माध्यम से बिक्री बढ़ने से बाजार में आपूर्ति बेहतर होगी और कीमतों पर दबाव कम होगा।
भारत से भी चीनी खरीदेगा नेपाल
सुबेदी ने बताया किM भारत सरकार ने नेपाल को चीनी आपूर्ति के लिए अपनी तैयारियों का संकेत दिया है। इसके बाद एसटीसी भारत से चीनी खरीद की प्रक्रिया शुरू करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में चीनी की कीमतों में गिरावट शुरू हो सकती है। नेपाल में हर साल करीब 2.50 लाख टन चीनी की जरूरत होती है, जबकि घरेलू उत्पादन अधिकतम करीब 1.90 लाख टन तक पहुंच सकता है। इससे मांग और घरेलू उत्पादन के बीच लगभग 60,000 टन का अंतर बना रहता है।


















