एथेनॉल उत्पादन E20 की जरूरत से आगे; अतिरिक्त एथेनॉल के नए उपयोग तलाश रही सरकार : तरुण कपूर

नई दिल्ली : भारत में एथेनॉल का उत्पादन अब E20 ब्लेंडिंग कार्यक्रम के लिए आवश्यक मात्रा से अधिक हो गया है। ऐसे में सरकार अतिरिक्त एथेनॉल की खपत के लिए ईंधन मिश्रण से आगे नए उपयोग और बाजार तलाश रही है। प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने बुधवार को यह जानकारी दी। इंडिया शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में वीडियो संबोधन देते हुए कपूर ने कहा कि, देश में एथेनॉल उत्पादन अनुमान से कहीं अधिक बढ़ गया है।

उन्होंने कहा, एथेनॉल उत्पादन हमारी कल्पना से भी आगे निकल गया है। यह हमारी योजना से अधिक और वास्तव में ब्लेंडिंग के लिए आवश्यक मात्रा से भी ज्यादा है। कपूर ने E20 ब्लेंडिंग कार्यक्रम को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि, विभिन्न अध्ययनों और प्रयोगों से यह साबित हुआ है कि E20 ईंधन अच्छा प्रदर्शन करता है। उन्होंने एथेनॉल मिश्रण से वाहनों के प्रदर्शन पर उठाई जाने वाली चिंताओं का उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आकलन करने की जरूरत बताई। उनके अनुसार, वाहनों से जुड़ी अधिकांश समस्याएं एथेनॉल ब्लेंडिंग के बजाय अन्य कारणों से सामने आई हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

E20 से आगे बढ़ने पर विचार

कपूर ने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन बढ़ने के साथ अब इसकी खपत के लिए नए बाजार और मांग तैयार करना जरूरी हो गया है, ताकि मौजूदा उत्पादन क्षमता का पूरा उपयोग किया जा सके। सरकार E20 से अधिक एथेनॉल ब्लेंडिंग की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है। हालांकि, इसके लिए फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की उपलब्धता महत्वपूर्ण होगी।उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर भी अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता होगी। इसमें उपयुक्त एडिटिव्स के साथ शुद्ध एथेनॉल उपलब्ध कराने की संभावना भी शामिल है।

डीजल के लिए भी बायोफ्यूल पर जोर

कपूर ने डीजल के लिए उपयोगी बायोफ्यूल उत्पाद विकसित करने की संभावनाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के रिफाइनरी उत्पादन में डीजल की हिस्सेदारी काफी अधिक है। ऐसे में यदि डीजल में इस्तेमाल किया जा सकने वाला बायोफ्यूल उत्पाद विकसित होता है, तो यह बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल दोनों क्षेत्रों में बायोफ्यूल की मांग का संतुलन बनाने से आयातित कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।

आइसोब्यूटेनॉल से नई संभावनाएं

कपूर ने आइसोब्यूटेनॉल को लेकर चल रहे प्रयोगों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, यदि इस तकनीक को सफलतापूर्वक विकसित किया जाता है, तो बड़े पैमाने पर बायोफ्यूल के इस्तेमाल के लिए एक नया रास्ता खुल सकता है।सरकार परिवहन क्षेत्र से बाहर भी बायोफ्यूल के उपयोग की संभावनाएं तलाश रही है। इनमें खाना पकाने और औद्योगिक उपयोग शामिल हैं। कपूर ने कहा कि, गन्ने के अवशेष, सह-उत्पाद और अतिरिक्त खाद्यान्न से तैयार होने वाले उत्पादों के लिए व्यापक बाजार विकसित किए जाने की आवश्यकता है।

CBG उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर

कपूर ने कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि, इस क्षेत्र में प्रगति उम्मीद के मुताबिक तेज नहीं रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में घोषित ‘गोबरधन’ योजना, जिसमें विभिन्न मंत्रालयों के प्रोत्साहनों को एक साथ जोड़ा गया है, CBG क्षेत्र के विकास को गति देने में मदद कर सकती है। कपूर ने कहा कि, बायोफ्यूल के बाजार का विस्तार उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए किए गए निवेश को सुरक्षित रखने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। भारत के बायोफ्यूल अभियान के अगले चरण में पारंपरिक पेट्रोल ब्लेंडिंग से आगे बढ़कर वाहन तकनीक और परिवहन से इतर नए उपयोगों के माध्यम से मांग पैदा करने पर जोर रहेगा।

Bioenergy Times

2 COMMENTS

  1. ethanol have special strenth to break molicules to make nanoparticals upto 0.003 NM size which can consume in nanoflow batteries. they release infinite voltage and current to make a power house. the nano solution spray like smoke on electrodes and release charge continuously.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here