जैव ईंधन भारत की ऊर्जा सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कर सकता है मजबूत : राजनाथ राम

नई दिल्ली: घरेलू बायोमास को ईंधन में बदलकर जैव ईंधन भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, किसानों के लिए आय के नए अवसर पैदा करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक मजबूत एवं लचीला बनाने में रणनीतिक भूमिका निभा सकता है। यह बात नीति आयोग के सलाहकार (ऊर्जा) राजनाथ राम ने इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) सम्मेलन 2026 में कही।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए राम ने कहा कि, जैव ईंधन को केवल एक सीमित ऊर्जा स्रोत के रूप में नहीं, बल्कि भारत के दीर्घकालिक विकास के रणनीतिक हिस्से के रूप में देखा जाना चाहिए। घरेलू संसाधनों के अधिक उपयोग से यह क्षेत्र देश की ऊर्जा संबंधी तीन प्रमुख चुनौतियों—ऊर्जा सुरक्षा, किफायती ऊर्जा और टिकाऊपन—से निपटने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि, भारत द्वारा 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (E20) का लक्ष्य हासिल करना यह दर्शाता है कि जैव ईंधन आपूर्ति श्रृंखला के विकास के लिए समन्वित रोडमैप, स्थिर नीतिगत ढांचा, मांग की स्पष्टता और उद्योगों का निवेश कितना महत्वपूर्ण है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कच्चे तेल और गैस के आयात पर निर्भरता

राम ने भारत की आयातित ऊर्जा पर लगातार बनी निर्भरता को रेखांकित करते हुए कहा कि, देश अपनी कच्चे तेल की करीब 90 प्रतिशत जरूरत और प्राकृतिक गैस की लगभग 50 प्रतिशत जरूरत आयात से पूरी करता है। ऐसे में बायोमास के पास परिवहन और स्वच्छ खाना पकाने सहित कई क्षेत्रों में उपयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि, सरकार ने आपूर्ति श्रृंखला को अधिक मजबूत बनाने और ईंधन स्रोतों में विविधता लाने के लिए कई पहल की हैं। इसमें जैव ईंधन को बढ़ावा देना भी शामिल है। हाल के वैश्विक ऊर्जा व्यवधानों के बीच ऊर्जा सुरक्षा सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में उभरकर सामने आई है।

राम ने परिवहन क्षेत्र के नेट-जीरो रोडमैप पर नीति आयोग की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया।यह रिपोर्ट भारत के 2047 के विकास लक्ष्यों की दिशा में दीर्घकालिक बदलाव के संभावित रास्तों को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि,, परिवहन क्षेत्र के संक्रमण में जैव ईंधन को विशेष रूप से मोबिलिटी के लिए महत्वपूर्ण घटक माना गया है, जबकि खाना पकाने के क्षेत्र में भी इसके उपयोग की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।

ब्लेंडिंग से आगे बढ़ने की जरूरत

उन्होंने कहा कि, भारत के मोबिलिटी ट्रांजिशन के अगले चरण में केवल निर्धारित मिश्रण प्रतिशत हासिल करने तक सीमित रहने के बजाय वैकल्पिक ईंधन तकनीकों के व्यापक इस्तेमाल की दिशा में आगे बढ़ना होगा। राम ने बताया कि, एथेनॉल के भविष्य के रोडमैप को तैयार करने के लिए गठित समिति के प्रस्ताव पर सरकार सक्रिय रूप से विचार कर रही है। समिति की ड्राफ्ट रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट से करीब 2030-32 तक जैव ईंधन क्षेत्र के निकट अवधि के रोडमैप को लेकर अधिक स्पष्टता मिलने की उम्मीद है।

एथेनॉल से आगे जैव ईंधन की व्यापक संभावनाएं

राम ने कहा कि, तत्काल एथेनॉल रोडमैप से आगे भी जैव ईंधन के क्षेत्र में काफी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। ऊर्जा संक्रमण को आगे बढ़ाने के लिए सरकार, उद्योग, अनुसंधान संस्थानों और ज्ञान साझेदारों के बीच निरंतर सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि, नीति आयोग एक मजबूत घरेलू ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने के लिए जरूरी नीतिगत समर्थन पर सभी हितधारकों के साथ काम करता रहेगा। इसका उद्देश्य भारत के ऊर्जा संक्रमण में जैव ईंधन की भूमिका को और मजबूत करना तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here