नई दिल्ली: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा कि परमाणु क्षेत्र में निजी भागीदारी की अनुमति दिए जाने के बाद सरकार अब इस क्षेत्र में विदेशी निवेश आकर्षित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि, सरकार घरेलू और विदेशी, दोनों स्रोतों से बड़े निवेश की उम्मीद कर रही है। सीआईआई ग्लोबल समिट ऑन एडवांस्ड मटेरियल, क्रिटिकल मिनरल्स एंड मेटल्स को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा, हम देश के भीतर और विदेशों से भी बड़े पैमाने पर निवेश की उम्मीद कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि, अमेरिका के कुछ कारोबारी प्रतिनिधि भारत के परमाणु क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं का पता लगाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। यह पहल ऐसे समय में हो रही है जब भारत ने परमाणु क्षेत्र को निजी भागीदारी के लिए खोल दिया है। सस्टेनेबल हार्नेसिंग एंड एडवांसमेंट ऑफ न्यूक्लियर एनर्जी फॉर ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया (SHANTI) अधिनियम, 2025 भारत के परमाणु क्षेत्र से जुड़े कानूनी ढांचे को एकीकृत और आधुनिक बनाता है।इस कानून के तहत नियामकीय निगरानी के अधीन परमाणु क्षेत्र में सीमित निजी भागीदारी की अनुमति दी गई है। इससे परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग और निवेश के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि, परमाणु क्षेत्र में विदेशी निवेश के लिए पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि, कनाडा के उद्योग जगत के नेता भी भारत में निवेश के अवसर तलाशने के लिए आगे आएंगे। मंत्री ने कहा कि, सरकार ने एक ओर परमाणु क्षेत्र को निजी भागीदारी के लिए खोला है, वहीं दूसरी ओर देश के परमाणु कार्यक्रम को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, पहले भारतीय उद्योग परमाणु क्षेत्र या मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम में निवेश करने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं था। कंपनियां मुख्य रूप से दूसरे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित कर रही थीं।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि, निजी भागीदारी को गति देने के लिए उद्योग जगत की अधिक सक्रिय भागीदारी जरूरी होगी। उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि जब इसे निजी क्षेत्र के लिए खोला गया, तो इसके परिणाम “चमत्कारिक” रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना और पहल की शुरुआत से ही उद्योग भागीदारों को शामिल किया जाना चाहिए, क्योंकि निरंतर नवाचार के लिए मजबूत औद्योगिक सहयोग जरूरी है।
निवेशकों के लिए व्यावसायिक लाभ भी महत्वपूर्ण
जितेंद्र सिंह ने कहा कि निजी निवेशकों के लिए परियोजनाओं की व्यावसायिक व्यवहार्यता एक महत्वपूर्ण पहलू होगी। उन्होंने कहा कि कोई भी कारोबारी तभी निवेश करने के लिए तैयार होगा, जब उसे अपने निवेश पर उचित रिटर्न मिलने का भरोसा होगा। भारत की दीर्घकालिक परमाणु ऊर्जा योजना महत्वाकांक्षी है। सरकार की नीतिगत सहायता, समर्पित वित्तीय संसाधनों और स्वदेशी अनुसंधान के आधार पर भारत ऐसी परमाणु ऊर्जा क्षमता विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जो आत्मनिर्भर होने के साथ वैश्विक स्तर पर भी महत्वपूर्ण हो।
महत्वपूर्ण खनिज तकनीकी प्रतिस्पर्धा का अहम हिस्सा
महत्वपूर्ण खनिजों (Critical Minerals) पर बात करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि, तकनीकी प्रतिस्पर्धा के अगले चरण में इनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। अब इनका महत्व केवल खनन तक सीमित नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि, महत्वपूर्ण खनिजों का संबंध ऊर्जा क्षेत्र, ऊर्जा सुरक्षा, उद्योग और राष्ट्रीय सुरक्षा से भी है। सरकार ने 2025 में महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन (NCMM) शुरू किया है। इस मिशन के तहत भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) को 2024-25 से 2030-31 के बीच 1,200 अन्वेषण परियोजनाएं संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
घरेलू क्षमता बढ़ाने पर जोर
जितेंद्र सिंह ने कहा कि, भारत को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय संसाधनों को मिलाकर वैश्विक रणनीति अपनाने की जरूरत है। उन्होंने घरेलू क्षमताओं को मजबूत करने और बाहरी संसाधनों पर निर्भरता कम करने पर भी जोर दिया। मंत्री ने अनुसंधान, उद्योग, सरकार और गैर-सरकारी क्षेत्र के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि, उभरते हुए क्षेत्रों में भारत की प्रगति के लिए मजबूत सहयोग और समन्वय बेहद महत्वपूर्ण होगा। जितेंद्र सिंह ने कहा कि, भारत एक महत्वपूर्ण परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और उन्होंने उद्योग जगत से देश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।















