हैदराबाद: जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बीच मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर बढ़ते आर्थिक दबाव को देखते हुए तेलंगाना सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के दायरे का विस्तार करने पर विचार कर रही है। सरकार बारीक चावल के साथ अब चीनी को भी PDS में शामिल कर उचित मूल्य की राशन दुकानों के माध्यम से वितरित करने पर विचार कर रही है।
मंत्री द्वारा विधान परिषद में जानकारी
नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने शुक्रवार को विधान परिषद में यह जानकारी दी। द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रेड्डी ने जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों और मध्यम व निम्न आय वर्ग के परिवारों को हो रही परेशानियों से जुड़े सवालों के जवाब में यह बात कही। विधान परिषद के सदस्यों ने सरकार से मांग की कि, उचित मूल्य की दुकानों के जरिए खाद्य तेल, चीनी, दालें, नमक, हल्दी और मिर्च पाउडर जैसी जरूरी वस्तुओं का भी वितरण किया जाए।
गेहूं और चीनी को PDS में शामिल करने पर विचार
मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि, सरकार बारीक चावल के अलावा गेहूं और चीनी जैसी अन्य आवश्यक वस्तुओं को PDS के दायरे में शामिल करने के प्रस्ताव पर सकारात्मक रूप से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि, अतिरिक्त जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति PDS के माध्यम से करने पर आने वाले वित्तीय खर्च और उसके प्रभाव का आकलन किया जा रहा है। सरकार इस संबंध में वित्तीय पहलुओं की समीक्षा के बाद आगे निर्णय लेगी।
अपात्र लोगों के राशन कार्ड पर भी उठे सवाल
विधान परिषद में कुछ सदस्यों ने राशन कार्ड सूची से अपात्र लाभार्थियों को हटाने की मांग भी की। सदस्यों ने कहा कि गरीबी रेखा से ऊपर (APL) रहने वाले कुछ परिवार राशन कार्ड का इस्तेमाल कर PDS का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि सरकारी राशन का लाभ केवल पात्र गरीबी रेखा से नीचे (BPL) परिवारों तक ही सीमित किया जाए।
इस पर रेड्डी ने कहा कि PDS के तहत बारीक चावल प्राप्त करने वाले APL परिवारों का अनुपात बहुत कम है।उन्होंने कहा, सरकार का उद्देश्य है कि एक भी पात्र BPL परिवार राशन कार्ड और बारीक चावल की आपूर्ति के दायरे से बाहर न रहे।मंत्री ने यह भी कहा कि यदि लाभार्थियों में एक प्रतिशत भी APL श्रेणी के पाए जाते हैं, तो सरकार इस मामले की जांच करेगी और आवश्यक कदम उठाएगी।


















