गन्ना पेराई सत्र 2026-27 : महाराष्ट्र में लंबे सूखे का असर, चीनी उत्पादन के अनुमान में हो सकता है संशोधन

पुणे: महाराष्ट्र में लंबे समय से जारी बारिश की कमी और सूखे जैसी स्थिति के कारण आगामी 2026-27 गन्ना पेराई सत्र के लिए चीनी उत्पादन के अनुमान में संशोधन किया जा सकता है। लंबे समय से जारी शुष्क मौसम ने गन्ने की वृद्धि और चीनी रिकवरी को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी आयुक्त संजय कोलते ने यह जानकारी दी।कोलते ने बताया कि, जुलाई में तैयार किए गए प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 1,000 लाख टन गन्ने की पेराई से 112 लाख मीट्रिक टन चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया गया था। हालांकि, 15 अक्टूबर से पेराई सत्र शुरू होने से पहले इस अनुमान की दोबारा समीक्षा की जाएगी। कोलते ने शुक्रवार को कहा, इस साल जुलाई में तैयार किए गए हमारे प्रारंभिक अनुमान में 1,000 लाख टन गन्ने की पेराई से 112 लाख मीट्रिक टन चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया गया था। लेकिन पेराई शुरू होने से पहले हम अपने अनुमान में संशोधन करेंगे।

अगस्त से बारिश में कमी ने बढ़ाई चिंता

ChiniMandi WhatsApp Channel

अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक आकलन के बाद मौसम की स्थिति में काफी बदलाव आया है। जुलाई में राज्य में पर्याप्त बारिश हुई थी, लेकिन अगस्त से लंबे समय तक बारिश नहीं होने की स्थिति बनी हुई है। इससे गन्ने की वृद्धि प्रभावित हो सकती है और इसका सीधा असर चीनी उत्पादन पर पड़ सकता है। चीनी आयुक्तालय ने आगामी पेराई सत्र के लिए राज्य में करीब 15.43 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती का अनुमान लगाया है।

पिछले सीजन में महाराष्ट्र रहा देश में अव्वल

महाराष्ट्र ने 2025-26 सीजन में करीब 99 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था। इस उत्पादन के साथ महाराष्ट्र राज्यों में सबसे आगे रहा और उसने उत्तर प्रदेश को पीछे छोड़ दिया। राज्य में 200 से अधिक सहकारी और निजी चीनी मिलें हैं।राज्य सरकार ने त्योहारी सीजन से पहले चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से 2026-27 के गन्ना पेराई सत्र की शुरुआत 1 नवंबर से घटाकर 15 अक्टूबर कर दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में 9 सितंबर को हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया था। कोलते ने कहा कि, गन्ने से होने वाले एनॉल उत्पादन का अनुमान इस साल बाद में अंतिम रूप दिया जाएगा।

गन्ने की उपलब्धता को लेकर भी चिंता

महाराष्ट्र स्टेट कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज फेडरेशन के उपाध्यक्ष प्रताप ओहोळ ने भी लंबे समय से जारी शुष्क मौसम के कारण गन्ने की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि, जून से ही बारिश अनियमित रही है, जिससे चीनी उत्पादन के लिए जरूरी गन्ने की वृद्धि प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि, बड़ी संख्या में किसानों के पास ड्रिप सिंचाई की सुविधा नहीं है और वे अब भी बारिश पर निर्भर हैं। ओहोळ ने कहा कि, गन्ने की पर्याप्त वृद्धि नहीं होने से चीनी रिकवरी दर भी प्रभावित हो सकती है। रिकवरी दर का मतलब एक टन गन्ने से निकाली जा सकने वाली चीनी की मात्रा है। रिकवरी में कमी आने से राज्य के कुल चीनी उत्पादन पर और दबाव पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here