इंडोनेशिया ने ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने के लिए लैंपुंग में बायोएथेनॉल केंद्र किया शुरू, ज्वार का होगा इस्तेमाल

जकार्ता : इंडोनेशिया ने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, नवीकरणीय ईंधन को बढ़ावा देने और आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने के प्रयासों के तहत लैंपुंग के पेसावरान रीजेंसी के तेगिनेनेंग में एक नए बायोएथेनॉल विकास केंद्र की शुरुआत की है। अंतारा न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य देश में कृषि, प्रौद्योगिकी और नवीकरणीय ऊर्जा निवेश को एकीकृत करना है। इस परियोजना में ज्वार (सोरघम) को बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए प्रमुख स्थानीय कच्चे माल के रूप में चिन्हित किया गया है। यह परियोजना राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के ‘आस्ता चिता’ राष्ट्रीय एजेंडे के अनुरूप है, जिसमें ऊर्जा उत्पादन के लिए घरेलू कृषि संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

निवेश एवं डाउनस्ट्रीमिंग मामलों के उप मंत्री टोडोतुआ पासरिबू ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा, डाउनस्ट्रीमिंग और ऊर्जा संक्रमण के प्रयासों के तहत इंडोनेशिया में बायोएथेनॉल और बायोडीजल के विकास की काफी संभावनाएं हैं। टोडोतुआ के अनुसार, बायोएथेनॉल के विकास का एक प्रमुख कारण इंडोनेशिया में हर साल करीब 3.6 करोड़ किलोलीटर पेट्रोल की खपत है। उन्होंने घरेलू स्तर पर एथेनॉल उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने बताया कि, जापान के ऑटोमोबाइल उद्योग से मिले शोध और अनुभव के आधार पर ज्वार को बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए एक व्यवहार्य और लागत प्रभावी कच्चे माल के रूप में पहचाना गया है।लैंपुंग स्थित यह केंद्र पहली पीढ़ी (1G) और दूसरी पीढ़ी (2G) की ज्वार प्रसंस्करण तकनीकों को विकसित करेगा। इसके साथ ही कसावा (शकरकंद जैसी जड़ वाली फसल) और मक्का के डाउनस्ट्रीम प्रसंस्करण को भी समर्थन दिया जाएगा।

इस परियोजना की औपचारिक शुरुआत एक साथ आयोजित तीन गतिविधियों के माध्यम से की गई। इनमें प्रमुख हितधारकों के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर, प्रतीकात्मक रूप से ज्वार की बुआई और शुरुआती 10 हेक्टेयर क्षेत्र में परियोजना कार्य की शुरुआत शामिल है। यह क्षेत्र तेगिनेनेंग के मसगार में प्रस्तावित 20 हेक्टेयर के परिसर का हिस्सा है। परियोजना का उद्देश्य एक ऐसी एकीकृत आपूर्ति श्रृंखला विकसित करना है, जो स्थानीय किसानों को सरकारी स्वामित्व वाली ऊर्जा परिसंपत्तियों और वैश्विक औद्योगिक कंपनियों से जोड़े। इसके तहत स्थानीय स्तर पर 4.3 लाख किलोलीटर बायोएथेनॉल उत्पादन क्षमता स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here