कोल्हापुर (महाराष्ट्र): इस वर्ष गन्ना पेराई सत्र 15 दिन पहले यानी 15 अक्टूबर से शुरू करने के सरकार के फैसले का स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने कड़ा विरोध किया है। संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी ने कहा कि, अपरिपक्व गन्ने की कटाई करने से चीनी रिकवरी में बड़ी गिरावट आ सकती है, जिससे चीनी उद्योग, मिल मालिकों और खास तौर पर गन्ना उत्पादक किसानों को सीधा नुकसान होगा। 15 सितंबर को कोल्हापुर स्थित सरकारी विश्रामगृह में स्वाभिमानी शेतकरी संगठन की बैठक हुई। इसमें गन्ना पेराई सत्र, चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य और एथेनॉल की कीमत सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।बैठक के बाद राजू शेट्टी ने घोषणा की कि, इस वर्ष की 25वीं गन्ना परिषद 10 अक्टूबर को जयसिंगपुर के विक्रमसिंह क्रीड़ांगण में आयोजित की जाएगी।
चीनी का न्यूनतम भाव 50 रुपये प्रति किलो करने की मांग
चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य और एथेनॉल की कीमत को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए 29 सितंबर को कर्नाटक के हुबली में केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रल्हाद जोशी के आवास के सामने धरना आंदोलन करने का फैसला लिया गया है। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने मांग की है कि, चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 50 रुपये प्रति किलो और एथेनॉल का बिक्री मूल्य 70 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया जाए।
रिकवरी घटने पर चीनी उत्पादन प्रभावित होने की आशंका
राजू शेट्टी के अनुसार, अपरिपक्व गन्ने की जल्द कटाई होने पर इस सीजन में चीनी रिकवरी में 1.20 से 1.50 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है। महाराष्ट्र में हर साल औसतन 10 से 12 करोड़ टन गन्ने की पेराई होती है। रिकवरी घटने से चीनी उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा और उत्पादन में करीब 12 से 18 लाख टन की कमी हो सकती है। इसके अलावा यदि वापसी की बारिश नहीं हुई तो गन्ने के उत्पादन में 15 से 20 प्रतिशत की अतिरिक्त गिरावट की संभावना है। ऐसे में कुल चीनी उत्पादन में 25 से 35 लाख टन की कमी हो सकती है।
अगले साल एफआरपी पर भी पड़ सकता है असर
इस वर्ष की चीनी रिकवरी के आधार पर अगले वर्ष की एफआरपी निर्धारित की जाती है। इसलिए रिकवरी में गिरावट आने पर अगले वर्ष पेराई होने वाले गन्ने के लिए किसानों को औसतन 500 से 550 रुपये प्रति टन का नुकसान हो सकता है, ऐसी चेतावनी स्वाभिमानी ने दी है। संगठन ने यह भी कहा कि, केंद्र सरकार द्वारा बी-हेवी शीरा और सिरप से एथेनॉल उत्पादन पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण करोड़ों रुपये के ब्याज का बोझ किसानों और सहकारी चीनी मिलों पर पड़ रहा है।
चीनी उद्योग को 4 प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज देने की मांग
चीनी उद्योग को आर्थिक स्थिरता प्रदान करने के लिए नाबार्ड, एसडीएफ फंड या एनसीडीसी के माध्यम से निजी और सहकारी चीनी मिलों को 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर कर्ज उपलब्ध कराने की मांग राजू शेट्टी ने की है।इसके अलावा पिछले सीजन के चीनी स्टॉक और शेष स्टॉक से जुड़े करीब 48 लाख टन चीनी के कथित घोटाले की जांच के लिए विशेष कार्यबल गठित करने की मांग भी की गई है।
गन्ना परिवहन और वजनकांटों को लेकर भी मांगें
चीनी मिलों तक गन्ना परिवहन की लागत नियंत्रित करने के लिए 1 से 25 किमी, 25 से 50 किमी और 50 से 100 किमी दूरी के अनुसार गन्ना कटाई और परिवहन के अलग-अलग दर निर्धारित करने की मांग की गई है।राजू शेट्टी ने चीनी मिल मालिकों पर वजन में हेराफेरी और रिकवरी में चोरी का आरोप भी लगाया। उन्होंने वजनकांटों को डिजिटल कर ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ने की मांग की। दैनिक चीनी उत्पादन पर निगरानी रखने के लिए तहसीलदार, आपूर्ति विभाग, वजन एवं माप विभाग और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक समिति गठित करने की मांग की गई है। इसके साथ ही चीनी की प्रत्येक बोरी पर बारकोड अनिवार्य करने की मांग भी की गई है।
गन्ना परिषद में तय होगी आंदोलन की अगली दिशा
29 सितंबर का हुबली धरना आंदोलन और इसके बाद 10 अक्टूबर को जयसिंगपुर में होने वाली 25वीं गन्ना परिषद महत्वपूर्ण साबित होगी। राजू शेट्टी ने स्पष्ट किया कि, इस परिषद में गन्ना उत्पादक किसानों के अधिकारों के लिए आंदोलन की अगली दिशा तय की जाएगी।


















