भारत में Bio-IBA तकनीक को बढ़ावा: प्राज इंडस्ट्रीज और गेवो के बीच करार

मुंबई: प्राज इंडस्ट्रीज लिमिटेड और अमेरिका स्थित विविध ऊर्जा कंपनी गेवो (Gevo Inc.) ने भारत में बायो-आइसोब्यूटेनॉल (Bio-IBA) तकनीक के विकास और व्यावसायीकरण के लिए समझौता किया है। दोनों कंपनियों ने बुधवार को नियामकीय फाइलिंग के जरिए इस करार की जानकारी दी। इस समझौते के तहत प्राज इंडस्ट्रीज को भारत में गेवो की Bio-IBA तकनीक के व्यावसायीकरण और इस्तेमाल के विशेष अधिकार मिलेंगे। साझेदारी का मुख्य उद्देश्य Bio-IBA के व्यावसायिक उपयोग को विकसित करना है। शुरुआती तौर पर इसका फोकस डीजल में मिश्रण पर रहेगा, जिससे परिवहन और औद्योगिक ईंधनों की कार्बन तीव्रता कम करने में मदद मिल सकती है।

एक दशक से अधिक पुरानी साझेदारी को मिला नया विस्तार

ChiniMandi WhatsApp Channel

दोनों कंपनियों के बीच यह समझौता एक दशक से अधिक समय से चल रहे सहयोग को आगे बढ़ाता है। इस दौरान भारतीय फीडस्टॉक्स और घरेलू बाजार की जरूरतों के अनुरूप Bio-IBA तकनीक को विकसित और अनुकूलित करने पर काम किया गया है। इस साझेदारी में प्राज इंडस्ट्रीज की चीनी और स्टार्च आधारित फीडस्टॉक, इंजीनियरिंग, परियोजना क्रियान्वयन, तकनीक को बड़े स्तर पर ले जाने और बाजार विकास से जुड़ी विशेषज्ञता को Gevo की Bio-IBA तकनीक के साथ जोड़ा जाएगा।

डीजल पर निर्भर अर्थव्यवस्था के लिए बन सकता है विकल्प

प्राज इंडस्ट्रीज के संस्थापक चेयरमैन प्रमोद चौधरी ने कहा कि Bio-IBA भारत की डीजल-निर्भर अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण नवीकरणीय ईंधन विकल्प बन सकता है। उनके अनुसार, यह देश के व्यापक ऊर्जा परिवर्तन और स्थिरता से जुड़े लक्ष्यों को भी समर्थन दे सकता है।

भारत में पहला कमर्शियल Bio-IBA डेमो प्लांट

प्राज इंडस्ट्रीज फिलहाल एक प्रमुख ऑयल मार्केटिंग कंपनी (OMC) के लिए भारत का पहला व्यावसायिक Bio-IBA प्रदर्शन संयंत्र स्थापित कर रही है। इस परियोजना की डिजाइन, इंजीनियरिंग, सप्लाई और स्थापना का काम प्राज इंडस्ट्रीज द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए गेवो की लाइसेंस प्राप्त Bio-IBA तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।

गेवो ने भी जताया भरोसा

गेवो के CEO पॉल ब्लूम ने कहा कि, यह समझौता दोनों कंपनियों के मौजूदा सहयोग को और मजबूत करता है। इसमें गेवो की नवीकरणीय आइसोब्यूटेनॉल तकनीक और व्यावसायीकरण का अनुभव तथा प्राज की इंजीनियरिंग, तकनीकी तैनाती और बाजार विकास क्षमताओं को एक साथ लाया गया है।

परिवहन से लेकर खनन तक हो सकता है इस्तेमाल

कंपनियों के अनुसार, Bio-IBA का इस्तेमाल परिवहन, कृषि, खनन, निर्माण और विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले डीजल के कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में किया जा सकता है। भारत में डीजल की बड़ी खपत और नवीकरणीय फीडस्टॉक्स की उपलब्धता इस ईंधन के व्यापक उपयोग की संभावनाओं को बढ़ा सकती है। दोनों कंपनियों का मानना है कि देश जैसे-जैसे कम-कार्बन ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ रहा है, Bio-IBA की मांग और व्यावसायिक संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here