नासिक (महाराष्ट्र): नाशिक सहकारी चीनी मिल के कर्मचारियों की बकाया राशि और मिल को दोबारा शुरू करने का मुद्दा लगातार गंभीर होता जा रहा है। इसी को लेकर मंगलवार (15 सितंबर) को जिलाधिकारी आयुष प्रसाद के कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में नासिक के सांसद राजाभाऊ वाजे और दिंडोरी के सांसद भास्कर भगरे के साथ किसान, कर्मचारी और मिल के पूर्व पदाधिकारी मौजूद रहे। हालांकि, मिल लीज पर चलाने वाली संस्था के प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुए। इसके चलते डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चर्चा के बावजूद कोई अंतिम समाधान नहीं निकल सका।
किसानों और कर्मचारियों की करोड़ों रुपये की बकाया राशि
बैठक में किसान, कर्मचारी, कारखाना प्रबंधन और जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कारखाना कार्रवाई समिति ने किसानों और कर्मचारियों की बकाया राशि का विस्तृत विवरण बैठक में प्रस्तुत किया।रिपोर्ट के अनुसार, पिछले गन्ना पेराई सीजन के करीब 900 किसानों का 3 करोड़ 90 लाख रुपये का गन्ना भुगतान अब तक लंबित है। वहीं, मिल के कर्मचारियों का पांच महीने का करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये वेतन भी बकाया है। इससे किसान और कर्मचारी दोनों आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
छह महीने से बिजली बंद, सुरक्षा पर भी सवाल
मिल का करीब 15 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसके चलते पिछले छह महीने से बिजली आपूर्ति बंद है।चीनी मिल परिसर में अंधेरा होने के कारण मशीनरी, लोहे के सामान और अन्य संपत्ति की चोरी की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में कारखाने की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई।
जिला बैंक का करोड़ों रुपये का कर्ज बकाया
बैठक में यह भी सामने आया कि नाशिक जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक का कारखाने पर मूलधन और ब्याज समेत करोड़ो रुपये का कर्ज बकाया है। कर्ज वसूली के लिए बैंक ने सरफेसी कानून के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस तरह एक ओर किसानों और कर्मचारियों की बकाया राशि का सवाल है, तो दूसरी ओर बैंक के बड़े कर्ज की वसूली का दबाव है। इन दोनों समस्याओं के बीच कारखाना गंभीर वित्तीय संकट में फंसा हुआ है।
तैयार चीनी और मोलैसिस की बिक्री का मुद्दा भी उठा
बैठक में मिल को लीज पर लेकर संचालित करने वाली अष्टलक्ष्मी शुगर एथेनॉल एंड एनर्जी लिमिटेड द्वारा मिल में तैयार चीनी, मोलैसिस, खोई और राख की बिक्री किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। कारखाना कार्रवाई समिति ने आरोप लगाया कि, इन उत्पादों की बिक्री से प्राप्त राशि से किसानों और कर्मचारियों की बकाया देनदारी का भुगतान नहीं किया गया। वहीं, समझौते की शर्तों का उल्लंघन किए जाने के आधार पर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक द्वारा संबंधित संस्था को समझौता रद्द करने की कानूनी नोटिस दिए जाने की जानकारी भी बैठक में सामने आई।
आज फिर होगी निर्णायक बैठक
बैठक में मूल लीजधारक के प्रतिनिधि के मौजूद नहीं रहने पर सांसद राजाभाऊ वाजे और सांसद भास्कर भगरे ने नाराजगी जताई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि, किसानों और कर्मचारियों के मुद्दों को लंबे समय तक लंबित नहीं रखा जा सकता। मिल दोबारा शुरू करने के लिए सभी संबंधित पक्षों की प्रत्यक्ष भागीदारी जरूरी है। इसी पृष्ठभूमि में मामले का अंतिम समाधान निकालने के लिए 17 सितंबर को दोपहर 4 बजे जिलाधिकारी कार्यालय में फिर विशेष बैठक बुलाई गई है। संबंधित लीजधारक को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में किसानों और कर्मचारियों की बकाया राशि, बिजली आपूर्ति, बैंक की कर्ज वसूली और आगामी गन्ना पेराई सीजन से जुड़े मुद्दों पर ठोस निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।


















