मुंबई : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता शरद पवार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मांग की है कि राज्य में वास्तविक फसल नुकसान, तालुका-वार बारिश और फसलों की स्थिति के आधार पर सूखा घोषित किया जाए तथा किसानों को ₹50,000 प्रति हेक्टेयर की राहत दी जाए। पवार ने कहा कि, केवल जिले के औसत आंकड़ों के आधार पर निर्णय लेने के बजाय तालुका-वार बारिश, फसलों की स्थिति और वास्तविक नुकसान को ध्यान में रखते हुए सूखा घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में स्थिति गंभीर है और कुछ जिलों में पिछले तीन महीनों के दौरान औसत बारिश की तुलना में करीब 60 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है।
उन्होंने अपने पत्र में बताया कि, इस वर्ष जून से अगस्त के बीच क्षेत्रवार औसत बारिश में कमी को देखें तो मराठवाड़ा में 69 प्रतिशत, विदर्भ में 61 प्रतिशत और कोंकण में 33 प्रतिशत की कमी रही। वहीं, पश्चिमी और उत्तरी महाराष्ट्र के कुछ जिलों में बारिश में करीब 26 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। शरद पवार ने मुख्यमंत्री फडणवीस को सूखे की स्थिति से निपटने के लिए नौ उपाय सुझाए हैं और कहा है कि औपचारिक घोषणा का इंतजार किए बिना राहत कार्य शुरू किए जाने चाहिए। इनमें किसानों को ₹50,000 प्रति हेक्टेयर सहायता देने और कृषि मजदूर परिवारों को ₹25,000 की विशेष सहायता देने की मांग शामिल है। उन्होंने बैंकों को कर्जमाफी योजना के कार्यान्वयन में तेजी लाने तथा प्रोत्साहन सब्सिडी को ₹50,000 से बढ़ाकर ₹1 लाख करने का सुझाव भी दिया है।
पवार ने पिछले वर्ष बेमौसम बारिश राहत पैकेज के तहत घोषित ₹17,000 प्रति हेक्टेयर फसल बीमा सहायता का तत्काल वितरण करने की भी मांग की है।उनके अनुसार, राज्य के 36 में से कम से कम 31 जिलों में औसत से काफी कम बारिश हुई है। 1 जून से 15 सितंबर के बीच राज्य में केवल 748 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो औसत की तुलना में 19 प्रतिशत कम है। पवार ने एक रुपये वाली फसल बीमा योजना लागू करने और रोजगार गारंटी योजना के माध्यम से विशेष योजनाएं शुरू करने की भी सिफारिश की। इनमें जल संरक्षण और कृषि से जुड़े अन्य कार्यों को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया गया है।
पशुधन के लिए उन्होंने चारे, पानी और आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में बारिश, फसलों की स्थिति, पानी की कमी, चारे की उपलब्धता और पशुधन की स्थिति पर रोजाना निगरानी के लिए राज्य और जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाने चाहिए।पत्र में यह भी कहा गया है कि जिला कलेक्टरों को अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने के लिए ‘नेगेटिव डेबिट’ करने का अधिकार दिया जाना चाहिए। इसके अलावा, सूखा प्रभावित तालुकों में विद्यार्थियों को राहत देने के लिए केवल परीक्षा शुल्क ही नहीं, बल्कि स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की पूरी शैक्षणिक फीस माफ करने का सुझाव भी दिया गया है।


















