बिजनौर : अक्टूबर में नया गन्ना पेराई सत्र शुरू होने की तैयारी है, लेकिन बिलाई चीनी मिल ने अभी तक किसानों को पिछले पेराई सत्र का पूरा गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किया है। हिंदुस्तान में प्रकाशित खबर के अनुसार, मिल पर किसानों का करीब 58 करोड़ 15 लाख रुपये बकाया बताया जा रहा है। लंबे समय से भुगतान अटका होने के कारण किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
किसानों का कहना है कि, समय पर गन्ने का भुगतान नहीं मिलने से घरेलू खर्च से लेकर बच्चों की फीस और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो रही है। बकाया भुगतान को लेकर किसान संगठन लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। इसके बावजूद अब तक किसानों को शत-प्रतिशत बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं मिल सका है।
जिले में 10 चीनी मिलें, बिलाई पर सबसे बड़ा बकाया
बिजनौर जिले में कुल 10 चीनी मिलें संचालित हैं। इनमें बिलाई चीनी मिल पर पिछले वर्ष का करीब 58.15 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया बताया जा रहा है। भुगतान को लेकर किसान संगठन लगातार आवाज उठा रहे हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द बकाया राशि दिलाने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि नया पेराई सत्र शुरू होने जा रहा है, लेकिन पिछले साल के भुगतान का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में आगामी सीजन में गन्ना आपूर्ति को लेकर किसानों के बीच चिंता बनी हुई है।
अक्टूबर के अंत में शुरू हो सकता है पेराई सत्र
चीनी मिल के अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह से बिलाई चीनी मिल क्रय केंद्रों पर गन्ना तौल के लिए कांटे भेजना शुरू कर सकती है। इसके साथ ही आगामी गन्ना पेराई सत्र की तैयारियां भी तेज होने की उम्मीद है। वहीं, किसान अभी भी पिछले सीजन के बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि नया सीजन शुरू होने से पहले उन्हें पिछली बकाया राशि का भुगतान कराया जाए, ताकि उनकी आर्थिक परेशानियां कुछ कम हो सकें।
जिला गन्ना अधिकारी बिजनौर ब्रजेश कुमार पटेल ने ‘हिंदुस्तान’ के साथ बातचीत में बताया कि, बिलाई चीनी मिल पर किसानों का पिछले वर्ष का करीब 58.15 करोड़ रुपये बकाया है।किसानों को जल्द से जल्द पूरी बकाया गन्ना मूल्य राशि दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, भुगतान के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है और किसानों को इसके लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा।


















