पीलीभीत : भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के वैज्ञानिकों ने किसान सहकारी चीनी मिल पूरनपुर क्षेत्र में गन्ना सर्वे के दौरान दर्ज की गई गन्ने की विभिन्न किस्मों का भौतिक सत्यापन किया। वैज्ञानिकों ने क्षेत्र के कई गांवों का भ्रमण कर खेतों में मौजूद गन्ना किस्मों की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से भी संवाद किया। भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं विभागाध्यक्ष (फसल सुधार) डॉ. संजीव कुमार तथा वैज्ञानिक (फसल सुधार) डॉ. एनके राठौर ने ग्राम कढ़ेरचौरा, जटपुरा, लाह, मुजफ्फरनगर, झुकना, रमपुरा कोन, अंडबोझी, गहलुईया और पिपरिया दुलाई का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गन्ना सर्वे में दर्ज किस्मों का खेतों में जाकर सत्यापन किया।
किसानों को लाभकारी गन्ना उत्पादन की सलाह
भ्रमण के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने और आर्थिक रूप से लाभकारी गन्ना उत्पादन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान ऐसी गन्ना किस्मों की बुवाई से बचें, जिनकी चीनी मिलों में मांग कम रहती है। ऐसी किस्मों में किसानों को अपेक्षाकृत कम मूल्य मिलने के साथ गन्ना पर्ची जारी होने में भी देरी का सामना करना पड़ सकता है। वैज्ञानिकों ने किसानों को इसके बजाय अधिक उत्पादन देने वाली अगैती और अनुशंसित गन्ना किस्मों की बुवाई करने की सलाह दी। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन और आर्थिक लाभ प्राप्त करने में मदद मिल सकती है।
उन्नत तकनीक और किस्मों से बढ़ेगी किसानों की आय
डीसीओ खुशीराम ने कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों और उन्नत गन्ना किस्मों को अपनाकर ही गन्ने का उत्पादन, चीनी परता और किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने किसानों से कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार गन्ने की खेती करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधान प्रबंधक राजेश कुमार, एससीडीआई मनीष कुमार सिंह, सीसीओ अमित चतुर्वेदी सहित गन्ना विकास विभाग और चीनी मिल के अधिकारी तथा क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।


















